वर्ल्ड हॉकी लीग के लिए भारतीय टीम घोषित, सरदार सिंह बाहर

वर्ल्ड हॉकी लीग के लिए भारतीय टीम घोषित, सरदार सिंह बाहर

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-17 17:38 GMT
वर्ल्ड हॉकी लीग के लिए भारतीय टीम घोषित, सरदार सिंह बाहर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भुवनेश्वर में 1 दिसंबर से शुरू होने वाले हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस बार सबसे बड़ा झटका अनुभवी मिडफील्डर सरदार सिंह को लगा है। सरदार को 18 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। हॉकी इंडिया के चयनकर्ताओं ने मनप्रीत सिंह को कप्तान बरकरार रखा है। वहीं रुपिंदर पाल सिंह और बीरेंद्र लाकड़ा की टीम में वापसी हुई है।

सरदार सिंह ढाका में पिछले महीने एशिया कप जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे थे। एशिया कप में सरदार ने मिडफील्ड में प्लेमेकर की भूमिका निभाने की बजाय युवा कप्तान मनप्रीत सिंह के साथ डिफेंडर के रूप में खेले थे। उन्हें टीम में नहीं लिया जाना एक चौंकाने वाला फैसला है। हॉकी इंडिया के इस फैसले को इस पूर्व कप्तान के चमकदार करियर के अंत की तरह देखा जा रहा है।

मारिन की टीम में फिट नहीं सरदार
इस साल सर्वोच्च खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित होने वाले सरदार सिंह का पिछला प्रदर्शन बुरा नहीं था। मगर एचडब्ल्यूएल फाइनल से उन्हें बाहर करने का मतलब है कि वह नए कोच शोर्ड मारिन की रणनीति में फिट नहीं बैठते। बता दें कि पूर्व कोच रोलैंट ओल्टमैंस की टीम से छुट्टी किए जाने के बाद एशिया कप से ठीक पहले नए कोच मारिन ने टीम की कमान संभाली थी।

मनप्रीत की कप्तानी पर कोच को भरोसा
हॉकी इंडिया के चयनकर्ताओं और भारतीय हॉकी टीम के नए कोच मारिन ने मनप्रीत सिंह की कप्तानी पर भरोसा बरकरार रखा है। इसी के साथ बोर्ड ने चिंगलेनसना सिंह को उपकप्तान बनाया है। मिडफील्ड की जिम्मेदारी एसके उथप्पा, कोथाजीत सिंह, सुमित, मनप्रीत और चिंगलेनसना पर रहेगी। जबकि दिग्गज गोलकीपर पीरआर श्रीजेश जब तक पूरी तरह से फिट नहीं हो जाते आकाश चिकते और सूरज करकेरा यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। भारत को पूल बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और जर्मनी के साथ रखा गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह पहला मुकाबला पूरे टूर्नामेंट के लिए अहम रहने वाला है। यही कारण है कि दोनों ही टीमें अपना यह मैच जीतना जरूर चाहेंगी।

भारतीय हॉकी टीम

गोलकीपर- आकाश अनिल चिकते, सूरज करकेरा
डिफेंडर- हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, दिप्सन टिर्की, वरुण कुमार, रुपिंदर सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा
मिडफील्डर- मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेनसना (उपकप्तान), एसके उथप्पा, सुमित, कोथाजीत सिंह
फारवर्ड- एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंट सिंह

Similar News