मध्य प्रदेश चुनाव 2023: अरूण यादव ने दिया वचन कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली केबिनेट में कर्मचारियों-अधिकारियों के हित में लिये जाएंगे निर्णय 

Pavan Malviya
Update: 2023-11-13 18:53 GMT
डिजिटल डेस्क, भोपाल/खरगोन। केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री रहे कांग्रेस के स्टार प्रचारक अरूण यादव ने कहा कि शासन के कल्याणकारी कार्यक्रमों को निष्पक्षता के साथ जनता तक पहुॅचाने, जनता की जानमाल की सुरक्षा का दायित्व निभाने और शांति व्यवस्था को कायम रखने में सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। कांग्रेस पार्टी इनके मान सम्मान और न्यायोचित अधिकार दिलाने के लिये कृत संकल्पित है। अरूण यादव ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार की पहली केबिनेट बैठक में कर्मचारियों-अधिकारियों की विभिन्न मांगों पर न्यायसंगत निर्णय लिये जाएगे।

 

पुरानी पेंशन योजना का सभी कर्मचारियों को दिया जाएगा लाभ

मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे अरूण यादव ने आज सोमवार को ग्राम सेलानी, बाल्यापुरा, अघावण, खेडी, जलज्योति, टेमरनी, बलकवाडा, सिनगुन, बैंगदी, हतोला, मलतार, डाबरी, भैंसावद,  जहागीरपुरा और नायदड में अपने छोटे भाई और कांग्रेस प्रत्याशी सचिन यादव के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। जनसंपर्क कर नुक्कड सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने यहां कहा कि कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य के लिये उन्हें पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाएगा। पेंशनर्स को केन्द्र के समान महंगाई भत्ता देंगे और एरियर्स का भुगतान करेंगे। इन सभी का 25 लाख रूपये का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख रूपये का दुर्घटना बीमा भी कांग्रेस की सरकार करेगी। कर्मचारियों की वेतन विसंगति को दूर करने के लिये वेतन विसंगति निराकरण आयोग का गठन करेंगे। सभी को पदोन्नतियां, समयमान वेतन, वेतन, भत्ते और आवास की सुविधा प्रदान करेंगे।

कांग्रेस के किसान सहकारी और पिछडा वर्ग के नेता अरूण यादव ने कहा कि शासकीय विभागों में रिक्त पदों को भरेंगे। आरक्षित बेकलाक पदों को भी भरा जाएगा। आदर्श स्थानांतरण नीति बनाए जाएगी। अनुकम्पा नियुक्तियों को सरल किया जाएगा। युवाओं को रोजगार देने के लिये 2 लाख पदों पर नई नियुक्तियां की जाएगी। 

शासकीय कर्मचारियों के समान आंगनवाडी कार्यकर्ता,सहायिका,आशा, उषा कार्यकर्ताओं को नियमितीकरण कर सरकारीकर्मियों की भांति दी जाएगी सुविधाएं कांग्रेस के स्टार प्रचारक अरूण यादव ने कहा कि जन स्वास्थ्य रक्षक आशा और उषा कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक, सफाईकर्मी, लेब अटेण्डर और संविदा पर नियुक्त कर्मियों का नियमितीकरण करेंगे। मानदेय बढायेगे, भविष्य निधि खाते खोलेगे, सरकारी कर्मचारियों की भांति सुविधाएं देगे। उन्होंने आगे बताया कि इसी प्रकार आंगनवाडी कार्यकर्ता, आंगनवाडी सहायिका, पर्यवेक्षक, संविदा कर्मी और सफाईकर्मियों को भी शासकीय कर्मियों की तरह वेतनमान, नियमितीकरण, मानदेय, अनुकम्पा नियुक्ति, अनुग्रह राशि, स्वास्थ्य बीमा और पदोन्नति का लाभ देंगे। पंचायतों में पदस्थ कर्मचारियों को भी समान लाभ प्रदान किया जाएगा।

कांग्रेस नेता अरूण यादव ने कर्मचारियों और अधिकारियों से आव्हान किया कि वे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट देकर कर्मचारी विरोधी भाजपा सरकार से मुक्ति पाए। आपके वोट से प्रदेश में बनने जा रही कांग्रेस की सरकार आपके हितों का संरक्षण करेंगी। आपकी मांगों का निराकरण करेंगी। आप सभी को न्याय दिलाया जाएगा।  

Tags:    

Similar News