बाढ़ के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित, कई गांव अंधेरे में

बाढ़ के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित, कई गांव अंधेरे में

Anita Peddulwar
Update: 2020-08-31 07:49 GMT
बाढ़ के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित, कई गांव अंधेरे में

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आई बाढ़ के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। कुछ स्थानों पर तार टूटने की सूचना है।  महाविरतण ने कई स्थानों पर आपूर्ति शुरू कर दी है, कई गांवों में अब भी बिजली नहीं आई है।  वेकोली के सिंगोरी में खदान में पानी होने से अब भी परिसर में अंधेरा है। उमरेड विभाग के मोहगांव, चिचघाट, सावंगी, खरबी, हरडोली, मसली आदि गांवों में पानी भरा है। इस वजह से दोपहर में वहां का काम रोक दिया गया।   

महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने बताया कि जिले के खापरखेड़ा, पारशिवनी, खापा, कुही, उमरेड और मौदा में बारिश का पानी बढ़ने की वजह से चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा को ध्यान में रखकर विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई थी। रविवार को सावनेर के कार्यकारी अभियंता कुलदीप भस्मे, उमरेड के कार्यकारी अभियंता प्रफुल्ल लांडे ने आपूर्ति शुरू कर दी है। नागपुर ग्रामीण मंडल के अधीक्षक अभियंता नारायण आमझरे कामठी, कन्हान, मौदा की निगरानी कर रहे हैं। महावितरण यथास्थिति से ऊर्जामंत्री नितीन राऊत को समय-समय पर अवगत करवा रही है। मौदा में ज्यादा बिजली कनेक्शन हैं, इसको ध्यान में रखकर दूसरे विकल्प से सप्लाई आरंभ कर दी है। खापा नगर परिषद की बिजली 2 बजे आरंभ कर दी गई। वहीं, साहूली, डोरली, दहेगाव, नांदोरी, नांदपूर, गडेगाव, दूधबर्डी की सप्लाई 11 बजे आरंभ कर दी।

इनटेक वेल अभी भी पानी में
 तोतलाडोह और नवेगांव खैरी बांध के गेट खोलने से कन्हान नदी में आई बाढ़ ने जनजीवन प्रभावित किया है। बाढ़ के कारण कन्हान जल शुद्धिकरण केंद्र के 3 इनटेक वेल अभी भी पानी में डूबे हैं। नदी का जलस्तर 284 तक पहुंचा था, जो कम होकर अब 278 मीटर तक आया है। बाढ़ के कारण बहकर आ रही मिट्टी से मकान और औद्योगिक संरचनाओं को काफी नुकसान हुआ है। इसका सीधा असर कन्हान जल शुद्धिकरण केंद्र के इनटेक वेल पर पड़ा है। फिर भी कन्हान केंद्र 50 प्रतिशत क्षमता से काम कर रहा है। इस कारण आशीनगर, सतरंजीपुरा, नेहरूनगर और लकड़गंज जोन के कुछ हिस्से में जलापूर्ति अगले 3 से 4 दिन तक सीमित व कम दबाव से होगी।  रविवार को स्थायी समिति व जलप्रदाय समिति के सभापति पिंटू झलके ने कन्हान जल शुद्धिकरण केंद्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से चार जोन को जलापूर्ति होती है। उन्होंने जल्द से जल्द जलापूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए। 
 

Tags:    

Similar News