मप्र: दीपक जोशी ने नड्‌डा के समक्ष रखा अपना पक्ष, भाजपा में खलबली

मप्र: दीपक जोशी ने नड्‌डा के समक्ष रखा अपना पक्ष, भाजपा में खलबली

Bhaskar Hindi
Update: 2020-08-11 13:27 GMT
मप्र: दीपक जोशी ने नड्‌डा के समक्ष रखा अपना पक्ष, भाजपा में खलबली

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उपचुनावों को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच पूर्व मंत्री दीपक जोशी की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से हुई मुलाकात से भाजपा में खलबली मची हुई है। दीपक जोशी का कहना है कि उनकी यह सौजन्य मुलाकात थी तथा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष उन्होंने अपना पक्ष रखा है। गौरतलब है कि दीपक जोशी विगत काफी समय से असंतुष्ट चल रहे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उन्हें कार्यालय तलब कर समझाईश भी दे चुके हैं। बावजूद इसके लगता नहीं है कि उनकी नाराजगी दूर हुई है।

बता दें कांग्रेस के बागी 22 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद से ही दीपक जोशी की नाराजगी बरकरार है। दरअसल दीपक जोशी विगत विधानसभा चुनाव में हाटपिपल्या से मनोज चौधरी से चुनाव हार गये थे। इसके बाद मनोज चौधरी कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए। अब भाजपा उपचुनाव में मनोज चौधरी को हाटपिपल्या से चुनाव लड़ाने जा रही है। इससे पूर्व मंत्री दीपक जोशी के राजनीतिक जीवन पर प्रश्न चिन्ह लगने लगा है।

Tags:    

Similar News