आगामी एसयूवी: Hyundai ला रही है नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV, टेस्टिंग के दौरान हुई स्पॉट, कई अहम जानकारी सामने आईं

Hyundai ला रही है नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV, टेस्टिंग के दौरान हुई स्पॉट, कई अहम जानकारी सामने आईं
Hyundai Motor India अपने पोर्टफोलियो में एक नई और बड़ी SUV शामिल करने की तैयारी कर रही है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय कार बाजार में 7-सीटर SUV की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए Hyundai Motor India अपने पोर्टफोलियो में एक नई और बड़ी SUV शामिल करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी एक नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV पर काम कर रही है, जिसे फिलहाल Ni1i कोडनेम दिया गया है। हाल ही में इसकी कई स्पाई फोटो भी सामने आई हैं, जिसमें यह पूरी तरह से कैमोफ्लाज की हुई नजर आ रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस नई SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका हाइब्रिड इंजन हो सकता है। हालांकि, Hyundai ने अभी तक इस गाड़ी के नाम, इंजन, फीचर्स और लॉन्च की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आइए जानते हैं इस आगामी एसयूवी से जुड़ी अन्य डिटेल...

पहली बार टेस्टिंग के दौरान आई नजर

Hyundai की इस नई SUV को हाल ही में दक्षिण कोरिया में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। टेस्टिंग के समय गाड़ी पूरी तरह से कवर थी, इसलिए इसके डिजाइन की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, सामने आई तस्वीरों से इसके आकार और बॉडी डिजाइन के बारे में कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। इस टेस्टिंग मॉडल पर HEV का स्टिकर दिखाई दिया है। HEV का मतलब Hybrid Electric Vehicle होता है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी इस SUV को हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ तैयार कर रही है।

इसके अलावा, टेस्टिंग मॉडल में भारतीय कंपनी JK Tyre के टायर भी दिखाई दिए हैं। इसमें 245/60 R18 साइज के टायर लगे हुए बताए जा रहे हैं। इन संकेतों से माना जा रहा है कि यह SUV भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है।

बॉक्सी डिजाइन के साथ मिलेगा दमदार लुक

डिजाइन की बात करें तो सामने आई तस्वीरों के अनुसार, इसका डिजाइन बॉक्सी यानी चौकोर आकार वाला नजर आ रहा है। इसमें ऊंचा बोनट, सीधी बॉडी लाइन और मजबूत SUV जैसा स्टांस देखने को मिल सकता है। इसके साइड प्रोफाइल में बड़े व्हील आर्च, मोटी बॉडी क्लैडिंग और नए डिजाइन के अलॉय व्हील दिखाई दिए हैं। पीछे की तरफ लगभग सीधा टेलगेट और ऊंचा डिजाइन देखने को मिल सकता है। टेस्टिंग मॉडल पर काफी ज्यादा कवर होने के कारण हेडलाइट, टेललाइट और फ्रंट ग्रिल का वास्तविक डिजाइन भी सामने आना बाकी है।

हाइब्रिड इंजन मिलेगा

इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका हाइब्रिड इंजन होगा। रिपोर्ट्स में इसके लिए 1.5-लीटर पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन की संभावना जताई गई है। इसके अलावा Hyundai और Kia के मौजूदा 1.6-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन परिवार से जुड़ी तकनीक इस्तेमाल किए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि भारतीय बाजार में इसे किस इंजन के साथ उतारा जाएगा। कंपनी ने इंजन की पावर, टॉर्क, बैटरी क्षमता और गियरबॉक्स की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की है।

Created On :  

Tags

Next Story