न्यू हैचबैक कार: Renault Kwid Facelift 2027 हुई लॉन्च, लुक से लेकर इंटीरियर तक हुए ये बड़े बदलाव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Renault ने अपनी पॉपुलर बजट हैचबैक Kwid के 2027 मॉडल को ब्राजील में पेश कर दिया है। नई Kwid में कंपनी ने डिजाइन को ज्यादा आधुनिक बनाने के साथ-साथ केबिन में भी बड़े टेक्नोलॉजी अपडेट किए हैं। खास बात यह है कि कार का 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन बरकरार रखा गया है। भारत में इसका 2027 मॉडल आने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन Renault India ने अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च तारीख की पुष्टि नहीं की है।
क्या हुए बदलाव
2027 Renault Kwid को पहले के मुकाबले ज्यादा एंडवांस नजर आती है। इसका फ्रंट हिस्सा पूरी तरह नया दिखाई देता है। इसमें नई बंद डिजाइन वाली ग्रिल, बदला हुआ फ्रंट बंपर और इलेक्ट्रिक Kwid E-Tech से प्रेरित डिजाइन देखने को मिलता है। आगे की लाइटिंग में भी बदलाव किए गए हैं और LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स को नया आकार दिया गया है। नई डिजाइन लैंग्वेज Renault की नई जनरेशन की कारों से मिलती-जुलती है। हालांकि, इसमें Kwid का पुराना बॉक्सी लुक बरकरार है।
बात करें इंटीरियर की तो नई Kwid के केबिन में सबसे बड़ा बदलाव डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के रूप में देखने को मिलता है। 2027 मॉडल में 7 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले दिया गया है। इसके अलावा 10.1 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलता है। इसमें वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto जैसे फीचर्स दिए गए हैं। डैशबोर्ड और AC वेंट्स के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। नए इंटीरियर की वजह से कार का केबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम नजर आता है।
इंजन और परफोर्मेंस
नई 2027 Kwid के मैकेनिकल हिस्से में बहुत बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। ब्राजील में पेश मॉडल में 1.0-लीटर, तीन सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो करीब 70 हॉर्सपावर पैदा करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।
Created On :   28 Aug 2026 6:50 PM IST








