RBI का आदेश, अब लिखे हुए नोटों को लेने से बैंक नहीं कर सकते इनकार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमूमन देखा गया है कि हम सभी के पास 500 और 2000 के ऐसे बहुत से नोट होते हैं जिन पर कुछ ना कुछ लिखा हुआ रहता है। इन नोटों को सभी लोग और बैंक लेने से मना कर देते हैं, लेकिन अब RBI ने ऐसा आदेश निकाला है जिससे आपकी परेशानी हल हो जाएगी। RBI के अनुसार अब कोई भी बैंक 500 और 2000 रुपए के उन नोटों को लेने से इनकार नहीं कर सकता है जिन पर कुछ लिखा हुआ है। इसी के ही साथ RBI ने यह भी कहा है कि व्यक्ति ऐसे नोटों को बदलवा नहीं सकता है यह नोट सिर्फ जमाकर्ता के अपने खाते में जमा किए जा सकते हैं। शुक्रवार को ही यह जानकारी RBI के अधिकारियों ने दी।
RBI कर रहा लोगों को उनके अधिकारो के प्रति जागरूक
अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में रिजर्व बैंक आर्थिक साक्षरता के तहत मेले में आने वाले लोगों को जागरूक कर रहा है। यहां नए नोटों के फीचर समेत लोगों को उनके अधिकारों के प्रति साक्षर किया जा रहा है। बता दें कि प्रगति मैदान में लगे ट्रेड फेयर में आरबीआई के स्टॉल पर लोग अपने सवाल लेकर पहुंच रहे हैं। कोई यहां 500 और 2000 रुपए के ऐसे नोटों की वैधता जानना चाहता है जिन पर कुछ लिखा हुआ है। तो कोई बैंक के खिलाफ शिकायत करने के तरीके के बारे में जानकारी मांग रहा है। किसी को 10 रुपए के सिक्कों की स्थिति के बारे में जानकारी चाहिए।
कोई भी बैंक नोट लेने से इंकार नहीं कर सकता
बैंक के अधिकारियों ने कहा कि हम 500 और 2000 के नोट के संबंध में लोगों का भ्रम दूर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नोट पर कुछ लिखा होने या रंग लग जाने की स्थिति में भी वह वैध है। बैंक उन्हें लेने से इनकार नहीं कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा हालांकि, ग्राहक ऐसे नोटों को बैंक से बदलवा नहीं सकते हैं, लेकिन ऐसे नोट वह अपने व्यक्तिगत खातों में जमा करवा सकते हैं।
Created On :   24 Nov 2017 3:17 PM IST