आखिर आम जनता को क्यों नहीं मिल रहा क्रूड ऑयल की घटती कीमतों का फायदा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महंगाई की बात की जाती है सबसे पहले हमें पेट्रोल-डीजल के दाम याद आते हैं। लगातार क्रूड ऑइल के दामों में गिरावट आ रही है, विदेशों में भी इनकी कीमत में भारी कमी आई है। पर भारत में इनके दामों में कमी आने के बजाय लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस समय पेट्रोल के दाम अपने सबसे ऊंचे स्तर पर है। वहीं बीते तीन-चार सालों के क्रूड ऑइल की किमतों पर नजर डाले तो पता लगता है कि इसके दामों में 60 फीसदी तक गिरावट आई है। सवाल ये उठता है कि, आखिर क्रूड ऑइल के दामों में इतनी कमी के बावजूद भी सरकार पेट्रोल-डीजल के दामों को लगातार क्यों बढ़ा रही है। आखिर क्यों इनके दामों में गिरावट नहीं आ रही है। विदेशों से सस्ते में आने वाले कच्चे तेल से कौन फायदा उठा रहा है ?
सरकारें देखती हैं अपने फायदे का गणित
इस खेल में सरकार अपना फायदा देखती है। इन दामों में केन्द्र सरकार और राज्य सरकारों का अपना हिस्सा होता है जिसे टैक्स के रूप में वसूल किया जाता है। पेट्रोल-डीजल पर सरकारें एक्साइज ड्यूटी तो लगाती ही है साथ ही वैट भी लगाया जाता है। इस टैक्स को प्रतिशत में नहीं बल्कि प्रति लीटर के हिसाब से तय किया जाता है। यदि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दामों में कमी होती है तो सरकारें एक्साइज ड्यूटी और वैट टैक्स का बढ़ा देती है। इससे पेट्रोल-डीजल के दामों में कमी नहीं आती है। यदि कच्चे तेल के दामों में किसी तरह की बढ़त भी होती है तो सरकारें अपना टैक्स कम नहीं करती जिसके बाद इसकी भरपाई जनता को करना पड़ता है। बता दें कि सरकार की ओर से पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के घेरे में नहीं रखा है। जिसके कारण इस पर सरकारें अपनी मर्जी से टैक्स लगा सकती है।
आपको बता दें कि सरकार द्वारा वसूल किए जाने वाले इस टैक्स से ही कई योजनाओं की शुरुआत की जाती है तो साथ ही विकास के नए आयामों का निर्धारण भी इसी के आधार पर किया जाता है। इसके बावजूद सरकार के पास अधिक टैक्स से अधिक पैसा आने लगा जिससे सरकार को होने वाली वित्तीय घाटे में रूकावट आई है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों का फायदा जहां एक तरफ सरकारें उठा रही हैं तो वहीं ऑयल मार्केटिंग कंपनियां भी अच्छी खासी कमाई कर रही है। उन्हें दाम तय करने की छूट है और वे कम इनपुट खर्च के साथ पुराने दर पर तेल बेच रही हैं, इससे इनके लाभ में भी वृद्धि हुई है। इसके साथ ही एविएशन सेक्टर को भी कच्चे तेल के दामों में कमी का फायदा मिल रहा है। इससे विमान को चलाने वाली लागत में कमी आई है। जिससे ये कंपनियां भी भारी मुनाफा कमा रही है।
Created On :   16 Sept 2017 2:30 PM IST