जियो का तोहफा: फ्री में मिलेगी एक साल के लिए प्राइम मेंबरशिप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को तोहफा देते हुए प्राइम मेंबरशिप के सब्सक्रिप्शन को एक साल के लिए बढ़ा दिया है। इसके लिए उन्हें किसी भी तरह का शुल्क चुकाने की जरुरत नहीं होगी। रिलायंस इसे अपने ग्राहकों के लिए मुफ्त में उपलब्ध करा रहा है। बता दें कि रिलायंस जियो का प्राइम सब्सक्रिप्शन 31 मार्च 2018 को खत्म हो रहा है।
जियो की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि वो अपने साथ जुड़े सभी लॉयल प्राइम सदस्यों को महत्वपूर्ण समझता है और इन यूजर्स के लिए अतिरिक्त लाभ जारी रखेगा। हलांकि नए जियो ग्राहकों को जियो प्राइम मेंबरशिप के लिए 99 रुपये सालाना खर्च करने होंगे। जियो के टैरिफ में फिलहाल किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। टैरिफ वैसे ही रहेंगे जैसे पहले ऐलान किया गया था। सिर्फ प्राइम मेंबरशिप का पैसा आपको नहीं देना होगा। कंपनी की तरफ से कहा गया है कि उसके देश भर में यूजर 160 मिलियन से बढ़कर 175 मिलियन हो गए है।
जियो की प्राइम मेंबरशिप का एक साल का फ्री सब्सक्रिप्शन पाने के लिए आपको जियो एप में जाकर कॉप्लीमेंट्री मेंबरशिप को चुनना होगा। इसके बाद दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर आपकी प्राइम मेंबरशिप का सब्सक्रिप्शन 12 महीनों के लिए बढ़ जाएगा। इसकी वैलिडिटी बढ़कर 31 मार्च 2019 हो जाएगी।
गौरतलब है कि जियो की तरफ से प्राइम मेंबरशिप सब्सक्राइबर्स को देश में फ्री वॉयस कॉल, 4जी डाटा और एसएमएस की सुविधा दी जाती है। जियो के इस सुविधा को जारी करने के पीछे जानकारों का मानना है कि टेलीकॉम इंडस्ट्री में अभी डाटा वॉर जारी है। दूसरी कंपनियां अपने प्लान सस्ते कर रही हैं। ऐसे में जियो अपनी प्राइम मेंबरशिप के लिए पैसे लेकर या इस सुविधा को खत्म करके अपने यूजर्स खोना नहीं चाहता।
रिलायंस जियो की प्राइम मेंबरशिप 1 अप्रैल 2017 को शुरू हुई और यह 31 मार्च 2018 को खत्म होने वाली थी। महज 99 रुपए में यह सब्सक्राइबर्स को कई बेनिफिट इसके तहत मिलते हैं।
Created On :   30 March 2018 9:01 PM IST