उप्र सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर : राम नाईक

On the way to becoming the best state: Ram Naik
उप्र सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर : राम नाईक
उप्र सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर : राम नाईक
हाईलाइट
  • आज जो चित्र दिख रहा है
  • उससे साफ है कि उप्र सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर चल रहा है
  • उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि सभी निवेशक विदेशों में भारत के इस प्रदेश की एक अच्छी छवि तैयार कर रहे हैं
लखनऊ, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि सभी निवेशक विदेशों में भारत के इस प्रदेश की एक अच्छी छवि तैयार कर रहे हैं। आज जो चित्र दिख रहा है, उससे साफ है कि उप्र सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर चल रहा है।

राज्यपाल नाईक ने लखनऊ में रविवार को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 के अपने संबोधन में सभी निवेशकों को उत्तर प्रदेश में रुचि दिखाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने ढंग से काम किया है। अब उप्र सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर है।

उन्होंने कहा, जिस तरह से प्रदेश में निवेश हुआ, पहले के अनुभव में परिवर्तन हम देख रहे हैं। साल 2018 में मैं साक्षी था और आज वास्तविकता देखने के लिए भी मैं उपस्थित हूं। उस समय मैं पूरा राज्यपाल था, लेकिन मुझे राज्यपाल पद पर बोनस मिला है। 22 जुलाई को कार्यकाल खत्म हो गया।

राम नाईक के स्थान पर राज्यपाल की भूमिका में अब आनंदीबेन पटेल होंगी। वह सोमवार को अपने पद की शपथ लेंगी।

नाईक ने कहा, सात दिनों का ये मुझे बोनस मिला। इसलिए आनंदी बेन पटेल को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने अपने शपथ ग्रहण की तारीख 29 जुलाई तय की।

इस मौके पर अडानी ग्रुप के गौतम अडानी ने कहा कि भारत का विकास और ट्रांसफॉर्मेशन की स्टोरी यूपी से जुड़ी है। उप्र के बिना कुछ नहीं। उप्र इंडिया के विकास को और आगे ले जाएगा। अडानी ग्रुप उत्तर प्रदेश के पावर प्रोजेक्ट में पांच हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा।

उन्होंने कहा, हम यूपी में मल्टी मॉडल रिवर टर्मिनल वाराणसी व कच्ची घानी तेल प्लांट लगाएंगे। डिफेंस कॉरिडोर में भी मैन्युफैक्च रिंग प्लांट अडानी समूह लगाएगा।

अडानी ने कहा, मैं अमित शाह को 25 साल से जनता हूं। हम दोनों कंपनिया चलाते थे। हमें शायद ही ये अंदाज था कि वह सफलता के उस शिखर पर पहुंचेंगे और देश के चुनिदा नेताओं में होंगे।

उन्होंने कहा, अमित शाह अपने हर उद्देश्य में जिद से काम करते हैं। उन्होंने अपने नेतृत्व में भाजपा को चुनाव जीतने की मशीन बना दी। वह चाणक्य हैं। कभी चुनाव नहीं हारे और उन्होंने देश के इलेक्टोरल मैप को बदल डाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले अमित शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री तक का रास्ता तय किया है और अब न्यू इंडिया के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। वह देश के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

अडानी ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष बनकर अमित शाह ने पार्टी को जनादेश दिलवाया। उसी तरह गृहमंत्री के पद से एक विश्वस्त भारत का निर्माण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काम ही सफलता की बुनियाद है। यूपी उनकी लीडरशिप में आगे बढ़ रहा है। उनका फोकस यहां की कानून सुधारने पर रहा। भ्रष्टाचार को हटाना, पारदर्शिता बढ़ाना उनके एक्शन में दिख रहा है।

सैमसंग इंडिया के प्रेजिडेंट व सीईओ एचसी हॉन्ग ने कहा, उत्तर प्रदेश में कार्यबल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। इसलिए उत्पादन की दृष्टि से ये एक बहुत बड़ा डेस्टिनेशन प्रदेश है। हमने अपना पहला प्लांट 1996 में यूपी में लगाया। तबसे हम यहां पर हैं। नोएडा से हमारा सफर शुरू हुआ। 3000 सर्विस पॉइंट हैं। 10 बिलियन डॉलर की कंपनी ने 5000 करोड़ का निवेश किया। नोएडा के प्लांट को सैमसंग इंडिया एक्सपोर्ट का हब बनाएगी। नोएडा दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल फैक्टरी बन रही है। यह योगी सरकार के सहयोग के बिना संभव नहीं था।

मेदांता के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा, लखनऊ मेरा जन्म स्थान है। यहीं मैंने पढ़ाई की। 40 साल बाद लखनऊ में मेरी घर वापसी हुई है। जिसने यूपी में काम नहीं किया उसने कुछ नहीं किया। हमारा समूह 15 अक्टूबर को लखनऊ में 1000 बेड का अस्पताल शुरू करने जा रहा है। इससे 13 से 15 हजार लोग रोजगार से लाभान्वित होंगे। इसके बाद वाराणसी और प्रयागराज में भी मेदांता ग्रुप अस्पताल खोलेगा।

टोरेंट ग्रुप के चेयरमैन सुधीर मेहता ने कहा कि उनके समूह का प्रदेश में 6000 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। इसमें पाइप्ड नेचुरल गैस नेटवर्क के लिए 3000 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।

पेप्सिको इंडिया के सीईओ और अध्यक्ष अहमद एल. शेख ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार का सहयोग शानदार है। यूपी भारत का सबसे बड़ा आलू उत्पादक है और पेप्सीको अवसर जुटाने के लिए तत्पर है। उन्होंने प्रदेश में भविष्य में भंडारण क्षमता और कोल्ड चेन बनाने में निवेश की बात कही। पेप्सिको समूह प्रदेश में 500 करोड़ रुपये का निवेश कर फूड प्रोसेसिंग हब लगाएगा। उन्होंने 2022 तक स्नैक्स बिजनेस को दोगुना करते हुए उत्तर प्रदेश में स्नैक्स विनिर्माण संयंत्र लगाने की बात कही।

लुलु ग्रुप के प्रमुख युसूफ अली ने कहा, मुझे ये बताते हुए बड़ी खुशी हो रही है कि उत्तर भारत के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल का काम लखनऊ में पूरा होने वाला है। इसके बाद हम नोएडा व वाराणसी में भी मॉल बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि उनका समूह लखनऊ में दो हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इससे दस हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। योजना का 70 फीसदी काम हो चुका है।

टाटा ग्रुप के एम. चंद्रशेखर ने कहा, हम यूपी में बहुत संभावनाएं देख रहे हैं। यहां टाटा मोटर है टीसीएस है। नोएडा व वाराणसी में रिटेल कंपनी टाइटन और वेस्टसाइट है। हम यहां अपना विस्तार जारी रखेंगे। टीसीएस जब लखनऊ जा रही थी। तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें रोका। हमारा कैंसर सेंटर फरवरी में चालू होगा। पूर्वी यूपी में काम चल रहा है।

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के चेयरमैन संदीप सोमानी ने कहा, यूपी में पहले निगेटिविटी बहुत थी, लेकिन कानून व्यवस्था बेहतर और चौबीस घंटे बिजली देने के वादे के बाद उद्योगपतियों और यूपी सरकार के बीच विश्वास बढ़ा है। यहां पर पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के बाद 81 इंडस्ट्रीज में प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। आज उत्तर प्रदेश अपनी पॉलिसी से लागतार बड़े स्तर के काम की ओर बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

Created On :   28 July 2019 4:00 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story