पिछले साल PNB में हुई 2,800 करोड़ की धोखाधड़ी : वित्त मंत्रालय

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक को लूटने वालों की लिस्ट लंबी होती जा रही है। नीरव-मेहुल का नाम सामने आने के बाद सरकार ने शुक्रवार को बताया कि पिछले वित्त वर्ष में धोखाधड़ी के कई मामलों में पंजाब नेशनल बैंक को 2,800 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। वहीं अन्य बैंकों में हुई धोखाधड़ी के आंकड़ो को जोड़ा जाए तो ये रकम 19,533 करोड़ तक पहुंच जाती है। बता दें कि इससे पहले पीएनबी में 12,600 करोड़ रुपए का घाटाला सामने आया था।
2016-17 में धोखाधड़ी के 158 केस
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को संसद में बताया, पीएनबी घोटाले के सामने आने से पहले 31 मार्च 2017 को समाप्त हुए वित्त वर्ष में सरकारी बैंकों को 2,718 केसों में 19,533 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। मंत्रालय ने कहा कि अकेले पीएनबी में 2016-17 में धोखाधड़ी के 158 केस सामने आए। वहीं आर्थिक नुकसान के मामले में पीएनबी के बाद दूसरा स्थान बैंक ऑफ इंडिया का है, जिसने 2,770 और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 2,420 करोड़ रुपये गंवाए हैं। पीएनबी ने इस मामले में फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले पांच सालों में भारतीय सरकारी बैंकों को 8,670 लोन फ्रॉड के केसों में कुल 61,260 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
PNB में सामने आया था 12,600 करोड़ का घोटाला
गौरतलब है कि पंजाब नेशनल बैंक की ब्रेडी हाउस ब्रांच में 12,600 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया था। बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से इस घोटाले को अंजाम दिया गया। घोटाले की शुरुआत साल 2011 में हुई थी और पिछले 7 सालों में हजारों करोड़ रुपए के फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LOUs) के जरिए ये रकम निकाली गई। घोटाला मुंबई की ब्रेडी हाउस ब्रांच में हुआ। 2011 से 2018 के बीच हजारों करोड़ की रकम 297 फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoUs) के जरिए विदेशी अकाउंट्स में ट्रांसफर की गई।
Created On :   9 March 2018 10:16 PM IST