PNB घोटाला : पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 11 हजार 400 करोड़ के घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। CBI ने 3 आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। शनिवार को केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने बैंक के पूर्व डिप्टी मैनेजर गोकुलनाथ शेट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। CBI ने बैंक के कर्मचारी मनोज खरात और हेमंत भट्ट को भी इस मामले में गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तारियां मुंबई से हुई हैं।
गौरतलब है कि गोकुलनाथ शेट्टी पर नीरव मोदी को बिना गारंटी के हजारों करोड़ रुपए का कर्ज देने का आरोप है। जांच एजेंसियों को बैंक पर शक गहरा गया है कि बिना गारंटी इतनी बड़ी रकम कैसे दी गई। गिरफ्तार बैंक कर्मचारी मनोज खरात बैंक में सिंगल विंडो ऑपरेटर (SWO) है जबकि हेमंत भट्ट नीरव मोदी ग्रुप में ऑथराइज सिग्नेटरी है।
पिछले साल ही रिटायर हुआ था गोकुलनाथ शेट्टी
बैंकिंग इतिहास में इस सबसे बड़े घोटाले में नीरव मोदी के बाद गोकुलनाथ शेट्टी का ही नाम सबसे ज्यादा सुर्खियों में आया था। शेट्टी ने बिना गारंटी लोन दिए जिसके बाद बैंकिंग सिस्टम पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। शेट्टी पिछले साल मई में पंजाब नेशनल बैंक से डिप्टी मैनेजर के पद से रिटायर हुआ था। शेट्टी मुंबई के बोरीवली में रहता है। शेट्टी पर बिना गारंटी कर्ज देने का आरोप है। जांच एजेंसियों को पीएनबी पर शक गहरा गया है कि बिना गारंटी इतनी बड़ी रकम कैसे दी गई। शेट्टी के अलावा अन्य दो लोगों की भी गिरफ्तारी हुई हैं।
ये भी पढ़ें-पंजाब नेशनल बैंक में 11 हजार पांच सौ करोड़ का घोटाला
कैसे दिया घोटाले को अंजाम?
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की मानें तो पीएनबी के डिप्टी मैनेजर रहे गोकुलनाथ शेट्टी ने ही नीरव मोदी की कंपनियों को फर्जी तरीके से लेटर ऑफ अंडरटेकिंग दिया। शेट्टी ने अपने दूसरे साथी अफसर मनोज खरात के साथ मिलकर पूरा फर्जीवाड़ा किया। पकड़ में आने से बचने के लिए उसने बैंक के दस्तावेजों में नीरव मोदी की कोई एंट्री भी नहीं की।
देश भर में चल रही है छापेमारी
PNB घोटाले का खुलासा होने के बाद देश भर में ईडी की छापेमारी चल रही है। शुक्रवार देर रात पटना स्थित गीतांजलि जेम्स शो-रूम पर भी ईडी ने छापेमारी की और दो करोड़ रुपए के हीरे जब्त किए। वहीं, शनिवार को भी पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में गीतांजलि के शो-रूम पर छापेमारी जारी है।
न्यूयार्क के होटल में है नीरव मोदी
हीरा कारोबारी नीरव मोदी पर शिकंजा कसता जा रहा है। आयकर विभाग ने टैक्स चोरी जांच के सिलसिले में अस्थायी रूप से नीरव मोदी और उसके परिवार की 29 संपत्तियां और 105 बैंक खातों को कुर्क कर दिया। इधर, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वो न्यूयॉर्क के एक होटल में छिपा हुआ है। न्यूज चैनलों में दावा किया गया है कि नीरव मोदी जेडब्ल्यू मैरियट के एसेस हाउस में है। ये होटल के 36वें फ्लोर पर आलीशान स्वीट है।
Created On :   17 Feb 2018 1:14 PM IST