नोटबंदी : आज भी 500 और 1000 के नोटों की गिनती जारी है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को अचानक नोटबंदी कर देशभर में हाहाकार मचा दिया था। कालेधन को रोकने के लिए नोटबंदी करते हुए पीएम ने 500 और 1000 के नोटों को बंद कर दिया था। इसके बाद अपने नोटों को बदलने के लिए बैंकों में लोगों की लाइन लग गई थी। इस दौरान कई सैकड़ों लोगों की जान भी चली गई थी। इस दौरान देश का 99 प्रतिशत रुपया वापस सरकार के पास आ गया था। बता दें कि नोटबंदी के 15 महीने बाद 500 और 1000 के नोटों की गिनती अभी भी जारी है।
RBI 15 महीने पहले बंद हुए नोटों की संख्या के सटीक आकलन और प्रमाणिकता पर अभी भी काम कर रहा है। रिजर्व बैंक ने बताया कि यह काम काफी तेजी के साथ किया जा रहा है। बता दें कि RBI ने 30 अगस्त 2017 को अपनी सालाना रिपोर्ट जारी करते हुए कुछ आंकड़े जारी किए थे। रिपोर्ट में बताया गया था कि यह नोटबंदी हुई कुल करंसी का 99 प्रतिशत था, यानी 16 हजार करोड़ रुपए वापस नहीं लौटे हैं। रिपोर्ट में बताया था कि 15.28 लाख करोड़ रुपए बैंकिंग सिस्टम में वापस लौटे हैं।
नोटों की गिनती खत्म करने की तारीख के बारे में RBI ने जवाब देते हुए कहा कि "गिनती की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।" RBI द्वारा कहा गया है कि अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है, क्योंकि वैरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने तक अनुमानित वैल्यू में अंतर हो सकता है। 30 जून, 2017 तक जमा किए गए नोटों की संख्या 15.28 लाख करोड़ रुपए थी।
गौरतलब है कि एक न्यूज एजेंसी द्वारा दायर की गई RTI में यह खुलासा हुआ है। इस RTI आवेदन का जवाब देते हुए RBI ने बताया है कि 500 और 1000 रुपए के नोटों की सटीक संख्या और प्रमाणिकता जांचने की प्रक्रिया जारी है। इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस प्रक्रिया के पूरे होने के बाद ही पूरी जानकारी साझा की जा सकती है।
बता दें कि इस समय RBI ने नोटों की गिनती के लिए 59 करंसी वैरिफिकेशन ऐंड प्रॉसेसिंग मशीन (CVPS) लगाई हुई हैं। RBI की ओर से कहा गया है कि, "इसके अलावा कमर्शल बैंकों की 8 CVPS मशीनों को भी गिनती के काम में लगाया गया है। इसके अलावा 7 CVPS मशीन लीज पर लेकर इस काम में लगाई गई हैं।" फिलहाल जवाब में इन मशीनों की लोकेशन की जानकारी नहीं दी गई है।
Created On :   11 Feb 2018 5:23 PM IST