सूरत के हीरा व्यापारी दीवाली पर 600 कर्मचारियों को तोहफे में देंगे कार
- 1100 कर्मचारियों को मकान
- ज्वेलरी और बैंक एफडी
- इसी साल तीन कर्मचारियों को गिफ्ट कीं मर्सिडीज कार
- कंपनी में लगभग 8 हजार कमर्चारी काम करते हैं
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। किसी भी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस मिलना आम बात है, लेकिन बोनस के रूप में मकान या कार मिले, ऐसी खबर शायद ही सुनने को मिलती है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस दीवाली सूरत के हीरा व्यापारी सावजी भाई धोलकिया अपने 600 कर्मचारियों को कार गिफ्ट करने वाले हैं। इतना ही नहीं वे 1100 कर्मचारियों को मकान, बैंक एफडी और ज्वैलरी भी बतौर गिफ्ट देंगे।
हालांकि ये पहला मौका नहीं है जब डायमंड किंग अपने कर्मचारियों को दिल खोलकर बंपर गिफ्ट बांट रहे हैं। इससे पहले भी पिछले कई सालों से सावजी भाई दीपावली पर अपने कर्मचारियों को मकान, कार और ज्वैलरी जैसी महंगी चीजें गिफ्ट करते आए हैं। बता दें कि उन्होंने इसी साल अपनी कंपनी में 25 सालों से काम करने वाले तीन मुख्य कर्मचारियों को करीब एक करोड़ की कीमत वाली Mercedes-Benz GLS 350 D गिफ्ट की थी।
कर्मचारियों को मंगहे तोहफे देने पर डायमंड किंग सावजी भाई ढोलकिया का कहना है कि कर्मचारी ही कंपनी को इस मुकाम तक लेकर आए हैं। वह आज जो कुछ हैं अपने कर्मचारियों की मेहनत और लगन की वजह से हैं। उनकी मेहनत से कंपनी ने अपना एक मुकाम हासिल किया है। इसलिए उनको भुलाया नहीं जा सकता। उनका कहना है कि कर्मचारियों के लिए कुछ करने से जो खुशी मिलती है उसकी कोई सीमा नहीं है।
सावजी भाई ढोलकिया करीब 1200 कर्मचारियों को कार, फ्लैट और ज्वैलरी गिफ्ट कर पहली बार चर्चा में आए थे। बताया जाता है कि उनका सूरत सहित विदेशों में भी डायमंड व्यापार है और कंपनी में करीब 8000 कर्मचारी कार्यरत हैं। सावजी भाई धोलकिया की कंपनी कृष्ण डायमंड का सालाना टर्न ओवर 6 हजार करोड़ रुपए है।
जानकारी के मुताबिक हरे कृष्ण डायमंड एक्सपोर्ट कंपनी में लगभग 8 हजार कर्मचारी काम करते हैं। इस दीपावली इनमें से 600 लोगों का चुनाव कार गिफ्ट के लिए किया गया है। इन कर्मचारियोंं को मारुति की कार की चाबी खुद सावजी भाई सौंपेंगे। खबर है कि इस दौरान पीएम मोदी सूरत के डायमंड वर्करों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे। वहीं इसी कंपनी की एक दिव्यांग महिला कर्मचारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में कार की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपेंगे।
Created On :   25 Oct 2018 3:54 AM GMT