दुनिया के टॉप 500 अमीरों को दो हफ़्तों में हुआ 283 खरब रूपए का नुकसान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पिछले दो हफ्ते दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों के लिए निराशाजनक रहे। अमेरिकी शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों एसऐंडपी 500 और डाउ जोंस इंडस्ट्रियल ऐवरेज में आई गिरावट के कारण इन लोगों को संपत्ति से 181 अरब डॉलर (करीब 11,767 अरब रूपए) का नुकसान उठाना पड़ा है। स्टील और ऐल्युमीनियम के आयात पर क्रमशः 25% और 10% की ड्यूटी लगाने के प्रस्ताव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दस्तखत के साथ ही ट्रेड वॉर छिड़ने की आशंका में दोनों सूचकांक दो वर्षों के निचले स्तर पर आ गिरे। बता दें कि विश्व के इन टॉप अमीरों की संपत्ति में 26 जनवरी 2018 के बाद से 436 अरब डॉलर (तकरीबन 28,345 अरब रूपए) की कमी आई है। ब्लूमबर्ग इंडेक्स की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के इन 500 महाधनवानों की कुल संपत्ति घटकर 5.2 ट्रिलियन डॉलर (करीब 3,380 खरब रुपए) रह गई है।
फेसबुक को उठाना पड़ा है सबसे बड़ा नुकसान
इस हफ्ते मार्केट में आई इस गिरावट का सबसे गहरा प्रभाव फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग की संपत्ति पड़ा है। जकरबर्ग को अपनी कुल संपत्ति से 10.3 अरब डॉलर (करीब 670 अरब रुपये) का नुकसान उठाना पड़ा है। इस गिरावट के कारण ब्लूमबर्ग की अरबपति लोगों की लिस्ट में फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग का नाम 3 अंक नीचे फिसल कर सातवें स्थान पर आ गया है। बता दें जकरबर्ग की संपत्ति में यह गिरावट डेटा लीक की खबरों के बाद फेसबुक के शेयर टूटने की वजह से हुई।
लैरी एलिसन और वॉरन बफेट को भी उठाना पड़ा है भारी नुकसान
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि कैंब्रिज ऐनालिटिका नामक कंपनी ने फेसबुक के 5 करोड़ यूजर्स का डेटा बिना अनुमति के इस्तेमाल किया था। जिसके बाद से फेसबुक के सीईओ जकरबर्ग को कई देशों के सवालों और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद से सोशल मीडिया कंपनी पर बढ़ती सख्ती के बीच फेसबुक के शेयर 14% सस्ते हो गए। बाजार में मचे कोहराम का असर लैरी एलिसन की संपत्ति पर भी पड़ा और उनकी संपत्ति में 7 अरब डॉलर (करीब 455 अरब रुपये) का बट्टा लग गया। लैरी एलिसन की कंपनी ऑरेकल को लेकर ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि क्लाउड से जुड़े प्रॉडक्ट्स की बिक्री में वृद्धि की रफ्तार सुस्त पड़नेवाली है। वहीं बर्कशियर हैथवे के वॉरन बफेट, ऐमजॉन.कॉम के जेफ बेजॉस और ऐल्फाबेट के लैरी पेज को कुल मिलाकर 17 अरब डॉलर (करीब 1105 अरब रुपए) का नुकसान हुआ।
Created On :   24 March 2018 9:13 PM IST