Seoni news: पेंच टाइगर रिजर्व के फ्रंटलाइन वनकर्मियों की बढ़ी सुरक्षा, एक करोड़ तक का बीमा

पेंच टाइगर रिजर्व के फ्रंटलाइन वनकर्मियों की बढ़ी सुरक्षा, एक करोड़ तक का बीमा
350 से अधिक वनकर्मियों को बीमा कवर, एयर एंबुलेंस की सुविधा मिलेगी

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

पेंच के जंगलों में गश्त से लेकर वन्यजीव रेस्क्यू तक जिम्मेदारी संभालने वाले वनकर्मियों के लिए ड्यूटी का मतलब सिर्फ जंगल की निगरानी नहीं, बल्कि हर समय जोखिम के बीच काम करना है। इसी जोखिम को देखते हुए पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने वनकर्मियों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की पहल की है। एसबीआई के सहयोग से प्रथम चरण में 350 से अधिक वनकर्मियों के वेतन खातों को विशेष पैकेज में अपग्रेड कर 1 करोड़ रुपए तक का दुर्घटना बीमा/जीवन सुरक्षा कवर उपलब्ध कराया गया है।

ये मिलेगी सुविधाएं

विशेष पैकेज में दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित शर्तों के अनुसार एयर एंबुलेंस, आयातित दवाइयां, आकस्मिक कोमा और मृत्यु जैसी परिस्थितियों में अतिरिक्त लाभ का प्रावधान है। यानी सुरक्षा का यह दायरा केवल दुर्घटना बीमा तक सीमित नहीं है, बल्कि गंभीर परिस्थितियों में उपचार संबंधी सहायता भी इसमें शामिल है।

परिवारों को आर्थिक चिंता से राहत की उम्मीद

प्रथम चरण में 350 से अधिक वनकर्मियों को योजना से जोड़ा गया है। आने वाले समय में पेंच टाइगर रिजर्व के अन्य पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस सुविधा के दायरे में लाने का प्रयास किया जाएगा। वनकर्मियों को जंगल में नियमित गश्त, वन्यजीव रेस्क्यू और संरक्षण कार्यों के दौरान कई तरह की चुनौती का सामना करना पड़ता है। वन्यजीवों के अलावा अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों से सामना होने का जोखिम भी बना रहता है। ऐसे में किसी कर्मचारी के साथ दुर्घटना होने पर उसके परिवार पर आने वाले आर्थिक संकट को कम करने की दिशा में यह सुविधा अहम है।

Created On :   17 Sept 2026 3:47 PM IST

Tags

Next Story