Akola News: अकोला में कांवड़ उत्सव की तैयारी, 16 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी समीक्षा बैठक

अकोला में कांवड़ उत्सव की तैयारी, 16 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी समीक्षा बैठक
  • सावन माह 13 अगस्त से प्रारम्भ हो रहा है
  • पालकी उत्सव की रहती है धूम

Akola News सावन मास की शुरुआत 13 अगस्त 2026 से हो रही है। अकोला जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक कांवड़ और पालकी उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसी पृष्ठभूमि में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 16 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे, जिला नियोजन भवन जिलाधिकारी कार्यालय, अकोला में पूर्व तैयारी समीक्षा बैठक आयोजित की गई है।

यह बैठक जिलाधिकारी वर्षा मीणा की अध्यक्षता में होगी। सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने विभाग द्वारा किए गए नियोजन की जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। सावन मास की महत्वपूर्ण तिथियां इस तरह है। 17अगस्त पहला सावन सोमवार, 24 अगस्त दूसरा सावन सोमवार, 31 अगस्त तीसरा सावन श्रावण सोमवार (श्री क्षेत्र धारगड़ यात्रा) 7 सितंबर चौथा सावन सोमवार होगा। चौथे सावन सोमवार के दिन अकोला शहर और ग्रामीण इलाकों में भव्य कांवड़ और पालखी शोभा यात्रा निकाली जाती हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त गांधीग्राम में पूर्णा नदी के तट पर एकत्र होते हैं। आधी रात के बाद, कांवड़िए पूर्णा नदी का पवित्र जल अपनी कांवड़ में भरकर अकोला शहर के श्री राज राजेश्वर मंदिर लाते हैं और भगवान महादेव के शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हैं।

शोभा यात्रा का मार्ग : आपातापा नाका, रेलवे पुल, श्री शिवाजी कॉलेज, अकोट स्टैंड, मामा बेकरी, बियानी चौक, कपड़ा बाजार, सराफा लाइन, गांधी चौक, कोतवाली चौक, लोहा पुल से आगे जय हिंद चौक और श्री राज राजेश्वर मंदिर। इस तरह पालकी, कांवड़ का शोभा यात्रा मार्ग होगा। इस पूरे मार्ग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य, दमकल, बिजली, जलापूर्ति और अन्य आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से योजना बनाई जा रही है। इस बैठक में सम्बन्धितों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।


Created On :   14 July 2026 4:23 PM IST

Tags

Next Story