Amravati News: अमरावती के दादरा में तेंदुए का आतंक, एक ही रात में 3 बछड़ों को बनाया शिकार

Amravati News धारणी तहसील के प्रादेशिक वन विभाग के सुसर्दा वन परिक्षेत्र अंतर्गत आने वाले हिराबंबई सर्कल के दुर्गम दादरा गांव में तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। मंगलवार, 20 अक्टूबर की रात तेंदुए ने तीन बछड़ों को शिकार बनाया। इस घटना से क्षेत्र के पशुपालकों में भय का माहौल है। वहीं, जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों की बढ़ते आतंक को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादरा गांव निवासी संकलाल भूरेलाल जावरकर के तीन बछड़ों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में तीनों बछड़ों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, यह घटना मंगलवार, 20 अक्टूबर की रात को हुई होगी। दादरा गांव मेलघाट के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित है। इस इलाके में बड़े पैमाने पर वनक्षेत्र होने के कारण गांव के आसपास वन्यजीव इस दुर्गम क्षे। की ओर आते रहते हैं। ऐसे में मंगलवार रात हुई एक ही घटना में तीन बछड़ों की मौत से पशुपालक संकलाल जावरकर को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पंचनामा और मुआवजे की उम्मीद : घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग से घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार करने तथा नियमानुसार नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की उम्मीद की जा रही है। मेलघाट के दुर्गम इलाकों में वन्यजीवों और मानव बस्तियों के बीच संघर्ष की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं।
Created On :  



