Amravati News: अमरावती में हिस्ट्रीशीटर का तमाशा ,पानी की टंकी पर चढ़कर किया सिलेंडर ब्लास्ट

अमरावती में हिस्ट्रीशीटर का तमाशा ,पानी की टंकी पर चढ़कर किया सिलेंडर ब्लास्ट
  • अवैध शराब कारोबार से जुड़ा है कुख्यात
  • टंकी के ऊपर से पेट्रोल से भरे जलते गोले और पटाखे नीचे फेंका
  • पूरे इलाके में फैला दी दहशत , पुलिस के सामने ही हो गया फरार

Amravati News म्हाडा कॉलोनी में गुरुवार रात अवैध शराब कारोबार से जुड़े कुख्यात हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ शिवा गोविंद पराडकर ने मनपा की कार्रवाई के विरोध में पानी की टंकी पर चढ़कर घंटों तक आतंक मचाया। घटना ने उस समय और भयावह रूप ले लिया, जब आरोपी ने पानी की टंकी पर सिलेंडर ब्लास्ट कर दिया। धमाके की तेज आवाज से पूरा परिसर दहल उठा। धुएं और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस की आंखों के सामने से फरार हो गया। पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के भाग निकलने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोपी ने टंकी के ऊपर से पेट्रोल से भरे जलते गोले और पटाखे नीचे फेंककर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और दमकल विभाग को मौके पर तैनात करना पड़ा। जानकारी के अनुसार म्हाडा कॉलोनी में शिवा पराडकर लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब का कारोबार चला रहा था। गुरुवार शाम मनपा का तोड़ू दस्ता उसके लोहे के खोके को हटाने पहुंचा। कार्रवाई शुरू होते ही आरोपी उग्र हो गया और सीधे पास की पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहां से उसने पुलिस और मनपा कर्मचारियों को धमकियां देना शुरू कर दिया।

टंकी से बरसाए आग के गोले : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी लगातार टंकी के ऊपर से जलते हुए पेट्रोल बम नीचे फेंक रहा था। इसके अलावा उसने जलते पटाखे भी नीचे फेंके, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों और दुकानों में छिप गए। घटना की सूचना मिलते ही खोलापुरी गेट पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम, मनपा अधिकारी और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को आरोपी को हर हाल में गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। रातभर खोलापुरी गेट, राजापेठ और बडनेरा पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपी की तलाश में जुटी रहीं, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

पहले भी कर चुका है ऐसा खतरनाक ड्रामा: जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को भी मनपा की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान शिवा पराडकर ने इसी तरह सिलेंडर फोड़ने की धमकी देकर कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की थी। उस समय अकोली क्षेत्र में हत्या की घटना के कारण पुलिस बल दूसरी जगह भेजना पड़ा और कार्रवाई टाल दी गई थी। इससे आरोपी के हौसले और बढ़ गए थे।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज ठेका कर्मचारी साहेबराव बलवंतराव काले की शिकायत पर खोलापुरी गेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं सहित विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद म्हाडा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है।

पुलिस को देता रहा चुनौती : शाम 7 बजे शुरू हुआ यह हाईवोल्टेज ड्रामा रात 11:30 बजे तक चलता रहा। आरोपी लगातार टंकी से पुलिस को चुनौती देता रहा और नीचे आने से इनकार करता रहा। पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया था, लेकिन आरोपी के हाथ में ज्वलनशील सामग्री और सिलेंडर होने के कारण तत्काल कार्रवाई करना जोखिम भरा साबित हो रहा था।

Created On :   16 May 2026 3:42 PM IST

Tags

Next Story