Amravati News: शादी के चौथे ही दिन ही उजड़ा सुहाग, सुबह अचानक चक्कर आने से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत

शादी के चौथे ही दिन ही उजड़ा सुहाग, सुबह अचानक चक्कर आने से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत
मेहंदी छूटने से पहले घर में छाया मातम

Amravati News जिस घर में चार दिन पहले शादी की शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। शादी के महज चौथे ही दिन दूल्हे की अचानक मौत हो जाने से आसेगावपूर्णा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

नई नवेली दुल्हन के हाथों की मेहदी भी नहीं सूखी थी कि उसका सुहाग उजड़ गया। गुरुवार की रात को उजगार हुई इस हृदयविदारक घटना से गांव में हर किसी की आंखें नम हैं। मृतक का नाम संकेत गोपालकृष्ण वसू (25, निवासी आसेगावपूर्णा) है। जानकारी के अनुसार संकेत की शादी सोमवार, 11 मई को पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई थी। परिवार में खुशियों का माहौल था और रिश्तेदारों का आना-जाना जारी था। लेकिन बुधवार, 13 मई की सुबह करीब 10 बजे अचानक संकेत को चक्कर आया और वह घर में ही गिर पड़ा।

परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत उसे आसेगावपूर्णा के प्राथमिक आरोग्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे अमरावती शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। गुरुवार, 14 मई को डॉक्टरों ने उसे इर्विन अस्पताल रेफर किया, जहां शाम करीब 5 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। गांव में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। आसेगावपूर्णा पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Created On :   16 May 2026 3:31 PM IST

Tags

Next Story