- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- सैकड़ों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति...
Amravati News: सैकड़ों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति सीधे मुंबई से खंडित

Amravati News अचलपुर–परतवाडा जुड़वां शहर में बिजली बिल बकाया रहने के कारण सैकड़ों उपभोक्ताओं का बिजली आपूर्ति सीधे मुंबई से काट दी गई। नए स्मार्ट मीटर तकनीक के माध्यम से अब बकायादार उपभोक्ताओं की बिजली बिना किसी स्थानीय हस्तक्षेप के दूरस्थ रूप से बंद की जा रही है। इससे ग्राहकों में जहां हैरत है, वहीं स्थानीय अधिकारियों को पता भी नहीं चलता है। बिल की अदायगी करने के बाद ही बिजली आपूर्ति सुचारू होती है।
महावितरण के अनुसार बिल जमा करने के बाद ही बिजली आपूर्ति स्वतः पुनः शुरू होगी। पिछले कुछ दिनों से शहर के सैकड़ों घरों में अचानक बिजली गुल हो गई थी। जांच में सामने आया कि बकाया बिल के कारण स्मार्ट मीटर प्रणाली के जरिए मुंबई से ही आपूर्ति बंद की गई।जानकारी के अनुसार राज्य में ढाई लाख से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली बकाया के चलते काटी जा चुकी है। अचलपुर–परतवाडा में भी हजारों उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और शेष उपभोक्ताओं के यहां चरणबद्ध तरीके से लगाए जा रहे हैं।
कई उपभोक्ताओं ने तुरंत बिल जमा किया, जिसके बाद ही उनकी बिजली बहाल हुई। लगभग 7–8 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने की सूचना है। अब बिल की नियत तिथि पार होते ही किसी भी समय बिजली कटने का खतरा रहेगा। स्थानीय कार्यालय को बिजली पुनः जोड़ने का अधिकार नहीं होगा।
बिल जमा होते ही रोशनी : बकाया बिजली बिल जमा होते ही प्रणाली के माध्यम से आपूर्ति बहाल होगी।स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद महावितरण के इतिहास में पहली बार इस प्रकार सीधे मुंबई से बिजली आपूर्ति काटने की कार्रवाई की गई है।
Created On :   24 Feb 2026 4:33 PM IST















