- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- सोशल मीडिया पर रील अपलोड करने वाले...
Amravati News: सोशल मीडिया पर रील अपलोड करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amravati News सोशल मीडिया पर घातक हथियारों के साथ तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाली रील बनाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। शहर अपराध शाखा ने बुधवार, 25 फरवरी को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो चाकू भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम लोकेश राजेश वाटकर (19, दत्तवाड़ी महाजनपुरा) और राम राजू तायडे (21, कुंभारवाड़ा, खोलेपुरी गेट) बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने खोलापुरीगेट परिसर में हाथ में घातक हथियार लेकर लोगों के घरों के गेट और परिसर में खड़ी कारों में तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड किया गया। वीडियो में आरोपी शेरो-शायरी के जरिए अपना वर्चस्व दिखाते नजर आ रहे थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
रील वायरल होने की जानकारी मिलते ही अमरावती शहर अपराध शाखा ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर ली। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी बुधवार को वडाली गार्डन में नई रील बनाने आने वाले हैं। टीम ने जाल बिछाकर दोनों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान एक लोहे का चाकू और एक स्टील का चाकू बरामद किया गया, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ फ्रेजरपुरा पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   26 Feb 2026 3:05 PM IST















