Bada Malhera: जनसुनवाई में कलेक्टर की संवेदनशीलता, तत्काल मदद के निर्देश

जनसुनवाई में कलेक्टर की संवेदनशीलता, तत्काल मदद के निर्देश
कैंसर पीड़ित की पीड़ा सुन कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 15 हजार रुपए की सहायता के दिए निर्देश

डिजिटल डेस्क,बड़ामल्हेरा। मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में जनसुनवाई सम्पन्न हुई। जनसुनवाई में कलेक्टर मृणाल मीना ने जरूरतमंद आवेदकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में नया मोहल्ला, टंडेल मस्जिद के पास वार्ड क्रमांक-25 निवासी शाहिद खान ने मुंह के कैंसर के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल में उसका पिछले पांच वर्षों से उपचार चल रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह आवश्यक जांच और उपचार के लिए मुंबई जाने में असमर्थ है।

शाहिद खान ने जांच, दवाइयों, भोजन, रक्त की दो यूनिट तथा मुंबई आने-जाने के खर्च के लिए 15 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। आवेदन पर कलेक्टर मृणाल मीना ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से 15 हजार रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश सीएमएचओ को दिए।

उन्होंने आवेदक को नियमानुसार आवश्यक चिकित्सा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एडीएम विनय द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबल योजना से दो परिवारों को मिला सहारा

जनसुनवाई में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत पात्र दो परिवारों को भी अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत की गई। ग्राम पंचायत मौराहा निवासी मृतक नीमा अहिरवार के उत्तराधिकारी मेवालाल अहिरवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति आदेश सौंपा गया।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत ढिलापुर निवासी मृतक नन्नू कुशवाहा के उत्तराधिकारी भगुन्ती कुशवाहा को भी 2 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। कलेक्टर के निर्देश पर दोनों प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायता स्वीकृत की गई, जिससे आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को राहत और संबल मिलेगा। इसके साथ ही कलेक्टर ने 259 आवेदनों पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

Created On :   1 Sept 2026 9:00 PM IST

Next Story