बड़ामलहरा न्यूज: दशलक्षण महापर्व पर्यूषण का शुभारंभ 16 से

दशलक्षण महापर्व पर्यूषण का शुभारंभ 16 से
सकल दिगंबर जैन समाज 10 दिनों तक करेगा आत्म साधना

डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा/ भादों सुदी पंचमी बुधवार 16 सितंबर के शुभ दिन से जैन दर्शन में आत्म साधना एवं धर्माराधना का अनादि निधन शाश्वत महापर्व दशलक्षण पर्यूषण का मंगलमय शुभारंभ होने जा रहा है जिसकी सम्पूर्ण तैयारी सकल दिगंबर जैन समाज के सभी घटकों द्वारा की जा चुकी है।

सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक जिनशासन सेवक दीपक राज जैन ने बताया कि भादों सुदी पंचमी से भादों सुदी चतुर्दशी दस दिनों तक चलने वाले महापर्व पर धर्म नगरी बड़ामलहरा सहित सम्पूर्ण प्रदेश एवं देश के साथ विश्व की सकल दिगंबर जैन समाज के श्रावकगण धर्म के दस लक्षणों के माध्यम से आत्म आराधना करते हुए आत्मा से परमात्मा बनने का मार्ग प्रशस्त करेगा। जिसको लेकर सकल समाज में उत्साह का वातावरण बना हुआ ओर सभी पर्वराज के स्वागत के लिए आतुर हैं।

दशलक्षण धर्म की होगी आराधना -

श्री जैन ने बताया कि सकल दिगंबर जैन समाज पर्वराज के प्रथम दिवस भादों सुदी पंचमी 16 सितंबर को उत्तम क्षमा धर्म की आराधना करेगा, द्वितीय दिवस भादों सुदी छटमी 17 सितंबर को उत्तम मार्दव धर्म की आराधना, तृतीय दिवस भादों सुदी सप्तमी 18 सितंबर को उत्तम आर्जव धर्म की आराधना, चतुर्थ दिवस भादों सुदी अष्टमी 19 सितंबर को उत्तम सत्य धर्म की आराधना, पंचम दिवस भादों सुदी नवमीं 20 सितंबर को उत्तम शौच धर्म की आराधना, छठवें दिवस भादों सुदी दसमीं 21 सितम्बर को संयम धर्म की आराधना, सप्तम दिवस भादों सुदी ग्यारस 22 सितम्बर को उत्तम तप की आराधना, अष्टम दिवस भादों सुदी बारस 23 सितंबर को उत्तम त्याग धर्म की आराधना, नवम दिवस भादों सुदी तेरस 24 सितंबर को उत्तम आकिंचन्य धर्म की आराधना एवं दसवें दिवस भादों सुदी चतुर्दशी अनंत चौदस 25 सितंबर के शुभ दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की मंगल आराधना करेगा वहीं भादों सुदी पूर्णिमा 26 सितंबर को रत्नत्रय व्रत की पूर्णता कर आश्विन कृष्ण एकम 27 सितम्बर के शुभ दिन क्षमावाणी महापर्व मनावेगा।


Created On :   11 Sept 2026 7:27 PM IST

Tags

Next Story