बड़ामलहरा न्यूज: किसानों की विशाल ट्रैक्टर रैली, MSP और मुआवजे की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

किसानों ने मूंगफली की रिकॉर्ड पैदावार को देखते हुए सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की है।

डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा छतरपुर में भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में किसानों ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों ने मूंगफली की रिकॉर्ड पैदावार को देखते हुए सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की है।

किसानों का कहना है कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर खाद्य तेल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बुंदेलखंड में मूंगफली का रकबा बढ़ाया गया और इस बार फसल भी अच्छी हुई है। ऐसे में सरकार यदि मूंगफली की उचित कीमत पर खरीदी नहीं करती है तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

भारतीय किसान संघ ने मांग की है कि मूंगफली की सरकारी खरीदी 7,570 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर की जाए। किसान नेताओं का कहना है कि उन्हें भावांतर योजना नहीं, बल्कि लामोर्चा आधार पर लाभकारी मूल्य चाहिए।

वहीं, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित बुंदेलखंड क्षेत्र में अतिवृष्टि से तिल और उड़द की फसलें खराब होने का दावा करते हुए किसानों ने तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग भी उठाई है। किसानों का कहना है कि राहत राशि मिलने से वे अगली फसल की तैयारी के साथ खाद-बीज और परिवार की जरूरतों को पूरा कर सकेंगे।

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि ने कहा कि प्रदेशभर में मांगों को लेकर ज्ञापन दिए जा रहे हैं और इसी क्रम में छतरपुर में ट्रैक्टर रैली निकाली गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और कलेक्ट्रेट का घेराव भी किया जाएगा।

फिलहाल किसानों की इस ट्रैक्टर रैली के बाद प्रशासन और सरकार के अगले कदम पर नजर बनी हुई है।


Created On :   16 Sept 2026 8:22 PM IST

Tags

Next Story