Bada-malhera news: छात्रावास के निरीक्षण में मिलीं अनियमितताएं

छात्रावास के निरीक्षण में मिलीं अनियमितताएं
स्टॉक रजिस्टर नहीं मिलने से व्यवस्था पर उठे सवाल

डिजिटल न्यूज़ बड़ामलहरा

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा शासकीय अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास के औचक निरीक्षण में न सिर्फ व्यापक अनियमितताएं सामने आई है बल्कि स्टाक पंजी भी अधीक्षक द्वारा उपलब्ध कराने में आनाकानी की जा रही है गौरतलब है कि उक्त छात्रावास अधीक्षक दो छात्रावासों का प्रभार लिए हैं जिससे दोनों ही छत्रावास अधिकतर समय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के भरोसे रहते है। पिछले दिनों अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में छात्राओं द्वारा व्यवस्थाओं को लेकर की गई शिकायतों के बाद जनपद पंचायत सीईओ ईश्वर सिंह वर्मा ने रात कोई 8 बजे छात्रावास का निरीक्षण किया। तकरीबन एक घंटे चले निरीक्षण के दौरान छात्रावास में साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था सहित कई बिंदुओं पर अनियमितताएं सामने आयीं है।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने समय पर भोजन नहीं मिलने और साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं होने की शिकायत की। शाम के वक्त किये निरीक्षण में सीईओ को छात्रावास परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं मिली। इसके अलावा दरवाजे और खिड़कियां भी व्यवस्थित स्थिति में नहीं मिलीं।

निरीक्षण के दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आयी कि छात्रावास अधीक्षक सुनीता बाजपेयी द्वारा स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया जा रहा। इस पर जनपद सीईओ ने अधीक्षिका को स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लेकिन निरीक्षण के चार दिन बाद भी रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब जनपद सीईओ जैसे वरिष्ठ अधिकारी द्वारा स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाने के बाद भी निर्देशों का पालन न होना सवालों के घेरे में है। सवाल यह भी उठ रहे है कि क्या छात्रावास प्रबंधन को अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने की छूट है, या फिर इस मामले में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी? यदि अपुष्ट सूत्रों की बातों पर यकीन करें तो आदिम जाति कल्याण विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके उक्त अधीक्षक सुनीता वाजपेई के भाई दोनों छात्रावासों का अप्रत्यक्ष रुप से संचालन करते है। आरोप तो यह भी है कि अधीक्षक सुनीता बाजपेई को जिले के आला अफसर का वरदहस्त प्राप्त है जिससे वे निर्भय होकर छात्रों के हकों पर डाका डाल रहीं है।

*स्टाक रजिस्टर न मिलने का नोटिस करेंगे जारी-सीईओ

"मैंने आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया था जिसमें अनेक अनियमितताएं सामने आई है साथ ही स्टॉक रजिस्टर अधीक्षक द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया है जिसका मैं वर्किंग डे में शोकाज नोटिस जारी कर कलेक्टर को अवगत कराउंगा"

ईश्वर सिंह वर्मा

सीईओ जनपद पंचायत, बड़ामलहरा

Created On :   10 Oct 2026 2:05 PM IST

Tags

Next Story