Balaghat News: प्रेमिका से दूरी नहीं बनी तो प्रेमी की हत्या की साजिश, 10 लाख का लालच देकर 4 युवकों से कराया मर्डर

प्रेमिका से दूरी नहीं बनी तो प्रेमी की हत्या की साजिश, 10 लाख का लालच देकर 4 युवकों से कराया मर्डर
  • हट्टा में 20 साल के रियांश की हत्या का खुलासा
  • लोहे के एंगल से सिर कुचलकर सड़क किनारे एक्टिवा के साथ फेंका शव
  • हादसा दिखाने की कोशिश ,युवती के पिता और भाई समेत 5 गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

डिजिटल डेस्क,बालाघाट। प्रेम संबंधों की नाराजगी इस कदर खूनी रंजिश में बदली कि 20 साल के युवक की हत्या की साजिश रच दी गई। आरोप है कि युवती के पिता और भाई ने 10 लाख रुपए का लालच देकर चार युवकों को रियांश चौहान की हत्या के लिए तैयार किया। आरोपियों ने पहले उसे सुनसान जगह ले जाकर शराब पिलाई, फिर लोहे के एंगल से सिर के पिछले हिस्से पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को उसकी एक्टिवा के साथ सड़क किनारे रख दिया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। लेकिन घटनास्थल के साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज ने इस कथित साजिश की परतें खोल दीं। हट्टा पुलिस ने मामले में युवती के पिता और भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

हादसे की सूचना मिली, मौके के हालात ने उठाए सवाल

17 नवंबर को हट्टा पुलिस को लोहारा-परासपानी मार्ग पर बांधा तालाब के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा था। पास में उसकी एक्टिवा भी मिली। पहली नजर में मामला दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां कुछ और कहानी बयां कर रही थीं। पुलिस ने बारीकी से जांच की तो हत्या कर शव को दुर्घटना का रूप देने की आशंका सामने आई। मृतक की पहचान नाहरवानी निवासी रियांश पिता दिनेश चौहान (20) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद अपराध क्रमांक 154/2026 में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया।

युवती के पिता और भाई को रिश्ता मंजूर नहीं था

जांच में सामने आया कि रियांश का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते से युवती का पिता जीवन पटले और भाई आशुतोष पटले नाराज थे। इसी बात को लेकर रियांश और आशुतोष के बीच पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश में आशुतोष ने रियांश की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए चार युवकों को 10 लाख रुपए देने का लालच दिया गया। पुलिस अब इस कथित सुपारी और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

मढ़ई से साथ ले गए, सुनसान जगह पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात चारों युवक परासपानी की मढ़ई पहुंचे, जहां रियांश भी मौजूद था। आरोपी उसे अपने साथ सुनसान जगह पर ले गए और वहां शराब पिलाई। मौका मिलते ही लोहे के एंगल से उसके सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार वार किया। रियांश बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा वार कर उसकी हत्या कर दी।

एक्टिवा के साथ शव रखकर रची हादसे की कहानी

हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने के लिए शव को सड़क किनारे उसकी एक्टिवा के साथ रख दिया। मकसद था कि पुलिस इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर जांच बंद कर दे। हालांकि, घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पुलिस को अहम सुराग मिले। संदिग्धों से पूछताछ के बाद हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

पांच गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश

पुलिस ने यश पारधी पंवार (20), यश पटले (20), विकास उर्फ बग्गा चौधरी (27), आशुतोष पटले (20) और जीवन पटले (46) को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी परासपानी और दो नाहरवानी के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

कपड़े, मोबाइल और खून से सनी मिट्टी जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। खून से सनी मिट्टी भी बरामद की गई है। मामले में बीएनएस की धारा 61(2), 49, 3(5) और 238 भी जोड़ी गई हैं।

एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देश पर एसडीओपी लांजी दीपक तोमर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र पटेल की अगुवाई में हट्टा पुलिस और साइबर सेल ने घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और संदिग्धों से पूछताछ की। पांच दिनों की जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Created On :  

Next Story