- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- पति के ट्रांसजेंडर के साथ थे संबंध,...
दर्द का खुलासा: पति के ट्रांसजेंडर के साथ थे संबंध, घर छोड़ मायके चली आई महिला एजेंटों के चंगुल में फंसी, एक महीने में करा दी तीन बार शादी, चौथी के लिए बनाया दबाव तो पीड़त ने गटका जहर

Beed News. जहां एक तरफ दुनिया विश्व महिला दिवस मना रही है, वहीं दूसरी ओर जिले में एक लाचर महिला की टीस उभरकर सामने आयी है, जिसमें उस महिला की एक ही महीने में तीन अलग-अलग लोगों से जबरन शादी कराकर लाखों रुपये वसूल लिए गए। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने जहरीली दवा पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल उसका इलाज मिरजगांव के एक निजी अस्पताल में जारी है। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर 7 मार्च की रात आष्टी पुलिस थाने में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 साल की युवती निवासी काटपुर रोड ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी बीड़ के कंकालेश्वर मंदिर में तेजस मधुकर खुलबुडे से हुई थी। इस दंपति की डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी है। बताया गया है कि पति के एक ट्रांसजेंडर महिला पायल पुणेकर से संबंध होने के कारण महिला करीब पांच महीने पहले अपनी मां के पास लातूर में रहने लगी थी।
इसी दौरान लातूर निवासी संगीता (पूरा नाम व पता अज्ञात) ने उसकी पहचान पुणे की महानंदा नामक एजेंट से कराई। आरोप है कि महानंदा ने शादी का झांसा देकर उसे पुणे बुलाया और कात्रज निवासी अमर कालभोर से करीब पांच लाख रुपये लेकर उसकी जबरन शादी करवा दी।
पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन बाद उसकी दूसरी शादी कुरकुंभ क्षेत्र के एक व्यक्ति से करवाई गई, जिसके लिए करीब साढ़े चार लाख रुपये लिए गए। इसके बाद तुलजापुर की ‘बालिका’ नामक महिला के संपर्क के माध्यम से कनाडी बुद्रुक निवासी पुरुषोत्तम खिले के साथ उसकी तीसरी शादी करवा दी गई।
चौथी शादी के लिए भी बनाया जा रहा था दबाव
महिला का आरोप है कि एजेंटों और अन्य लोगों ने मिलकर उसे बार-बार शादी करने के लिए मजबूर किया और अलग-अलग लोगों से लाखों रुपये वसूले। इतना ही नहीं, फोन पर लगातार चौथी शादी करने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा था।
लगातार मानसिक तनाव और अवसाद के चलते 6 मार्च को महिला ने जहरीली दवा पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे तुरंत मिरजगांव के लोकमान्य मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस मामले में महिला की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ आष्टी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Created On :   8 March 2026 9:35 PM IST












