गंभीर आरोप: जेल में तीसरे वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, कैदी सनी आठवले ने लगाए गंभीर आरोप - जांच की मांग तेज

जेल में तीसरे वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, कैदी सनी आठवले ने लगाए गंभीर आरोप - जांच की मांग तेज
  • जेल में वीआईपी सुविधाओं का आरोप
  • सनी आठवले के गंभीर आरोप

Beed News. पिछले कुछ दिनों से जिला कारागृह से कैदियों की कथित वायरल कॉल रिकॉर्डिंग्स ने सवाल खड़े कर दिए हैं। संतोष देशमुख हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी वाल्मिक कराड और उसके गैंग पर जेल के भीतर दबदबा बनाकर अन्य कैदियों को धमकाने के आरोप सामने आने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। इसी बीच कैदी सनी आठवले की कथित एक नई ऑडियो क्लिप वायरल हुई है, जिसने मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है। इससे पहले कैदी अजहर पठाण की दो अलग-अलग कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई थीं। पहली में उसने मारपीट के आरोप लगाए, जबकि दूसरी रिकॉर्डिंग में उसने दावा किया कि उस पर दबाव डालकर बयान बदलवाया गया।


सनी आठवले के गंभीर आरोप

नई वायरल ऑडियो में सनी आठवले ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके अनुसार, अजहर पठाण के साथ मारपीट की गई और उसका बयान दबाव में बदलवाया गया। साथ ही, वाल्मिक कराड को रात में बैरक से बाहर निकालकर बयान लिया गया। आठवले ने यह भी आरोप लगाया कि जेल प्रशासन के कुछ अधिकारी कैदियों पर दबाव बना रहे हैं और उन्हें पैसे व कैंटीन सुविधाओं का लालच देकर बयान बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

उसने यह भी दावा किया कि कराड और उसकी गैंग द्वारा झूठे मामलों में लोगों को फंसाया जा रहा है।

जेल में वीआईपी सुविधाओं का आरोप

ऑडियो क्लिप में आठवले ने कहा कि वाल्मिक कराड को जेल के अंदर टीवी, कूलर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, उसने यह आशंका भी जताई कि उसे किसी अन्य जेल में ट्रांसफर करने की कोशिश की जा रही है। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जांच की मांग तेज

लगातार सामने आ रही ऑडियो क्लिप्स के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं खासकर अंजली दमानिया द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। इन घटनाओं ने बीड जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या वास्तव में निष्पक्ष जांच हो पाती है या नहीं।

Created On :   24 April 2026 6:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story