यातायात प्रभावित: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटी गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, वाघाला के पास हुए हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पलटी गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, वाघाला के पास हुए हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त
  • गनीमत रही, दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं
  • गन्ना सड़क पर बिखरने से कुछ समय यातायात प्रभावित
  • संकरा मार्ग और गड्ढे बढ़ा रहे दुर्घटनाओं का खतरा

डिजिटल डेस्क, बीड. अंबाजोगाई तहसील क्षेत्र के देवला रोड स्थित वाघाला फाटे के पास रविवार (15 नवंबर) सुबह गन्ने से भरा ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया। सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन द्वारा अचानक कट मारने से ट्रैक्टर चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और गन्ने से भरी ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रैक्टर को भारी नुकसान पहुंचा और ट्रॉली में भरा गन्ना सड़क पर बिखर गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गन्ने से भरा ट्रैक्टर देवला रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अचानक कट मार दिया। इससे ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया। मोड़ पर ट्रॉली टूटकर सड़क किनारे पलट गई। गन्ना सड़क पर बिखरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद नागरिकों ने ट्रैक्टर चालक की मदद की।

संकरा मार्ग और गड्ढे बढ़ा रहे दुर्घटनाओं का खतरा

फिलहाल क्षेत्र में गन्ना कटाई का मौसम चल रहा है। इसके चलते इस मार्ग पर गन्ने का परिवहन करने वाले ट्रैक्टरों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। सड़क संकरी होने और जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। क्षेत्र में गन्ना वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सड़क की मरम्मत और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की जा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story