- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- फील्ड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी,...
Bhopal News: फील्ड में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, स्वास्थ्य मुख्यालय में 24 विशेषज्ञ कर रहे बाबूगिरी, इनमें 6 महिला-शिशु रोग विशेषज्ञ

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र स्वास्थ्य संचालनालय और एनएचएम में करीब 24 स्पेशलिस्ट डॉक्टर प्रशासनिक काम कर रहे। विभाग के आकड़ों को मुताबिक ये स्पेशलिस्ट डॉक्टर 1 से लेकर 25 वर्षों से संचालनालय में ही कार्यरत हैं। यानी इन स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को फाइलों में उलझा रखा है। जबकि स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सरकारी अस्पतालों में जरूरत हैं। प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों के 2581 पद खाली हैं।
संचालनालय और एनएचएम में 6 महिला रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ 3-25 वर्षों से काम कर रहे। इनमें तीन स्त्री रोग विशेषज्ञ ऐसे हैं, जो पिछले 25 वर्षों से संचालनालय में पदस्थ हैं। वहीं प्रदेशभर में कुल 791 महिला और शिशु रोग विशेषज्ञों की सरकारी अस्पतालों को जरुरत है। अस्पतालों में कमी विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के चलते महिला रोगियों और बच्चों के इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा। विशेषतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा खराब है।
इसके साथ ही 4 प्रिवेंटिव मेडिसिन विशेषज्ञ संचालनालय में प्रशासनिक कार्य कर रहे। 2 ईएनटी विशेषज्ञ ,2 ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन, और 2 शल्यक्रिया(सर्जरी) विशेषज्ञ भी प्रशासन का कार्य देख रहे। प्रदेशभर में 53 ईएनटी विशेषज्ञों की आवश्यकता है। इसके साथ ही रेडियोलॉजिस्ट, दंत रोग विशेषज्ञ, , निश्चेतना विशेषज्ञ, मेडिकल विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, एनाटोमी विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और पैथोलॉजी विशेषज्ञ संचालनालय में प्रशासनिक कार्य देख रहे।
10 विशेषज्ञ डॉक्टर 5-25 वर्षों से संचालनालय में
एक तरफ प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है तो वहीं 5 से 25 वर्षों से करीब 10 विशेषज्ञ डॉक्टरों से संचालनालय में प्रशासनिक कार्य कराया जा रहा। इनमें से तीन महिला रोग विशेषज्ञ भी हैं। जो कि 25 वर्षों से यहीं कार्य कर रहे। तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों को अन्य जगह से अटैच किया गया है, जिनमें 2 गोविंदपुरा तो 1 को राजगढ़ से अटैच किया गया है।
कमी दूर करने हर महीने भर्ती
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के चलते स्वास्थ्य व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। जिसको दूर करने के लिए सरकार ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती सीधे तौर पर निर्णय लिया। अब हर महीने खाली पदों के लिए एमपी ऑनलाइन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों के आवेदन लिए जाएंगे। ये आवेदन महीने 15 तारीख तक रहेंगे। जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर आवेदन कर सकते हैं। यानी विशेषज्ञ डॉक्टरों की पूर्ति से मरीजों को फायदा होगा। तीन साल तक इन विशेषज्ञ डॉक्टरों का तबादला नहीं किया जाएगा। लेकिन माना जा रहा है इन भर्तियों के बाद भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी कई सरकारी अस्पतालों में रहने वाली है। आपको बता दें इससे पहले एमपीपीएससी से विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए पद निकाले गए थे लेकिन ज्यादा पदों में भर्ती नहीं हुई।
Created On :   1 Sept 2026 12:01 AM IST











