Bhopal News: दीनदयाल मंडी में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन, हजारों बहनों ने विधायक रामेश्वर शर्मा को बांधी राखी

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। हुजूर विधानसभा के भैंसाखेड़ी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय कृषि उपज मंडी में मंगलवार को वृहद रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। संत हिरदाराम नगर एवं श्री हरिहर नगर फंदा क्षेत्र की हजारों बहनें कार्यक्रम में शामिल हुईं और विधायक रामेश्वर शर्मा को राखी बांधकर अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। बड़ी संख्या में बहनों की मौजूदगी से आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल रहा।
हुजूर विधानसभा में प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष आयोजित यह तीसरा बड़ा रक्षाबंधन उत्सव रहा। इससे पूर्व मुखर्जी नगर कोलार और गांधीनगर में भी वृहद स्तर पर रक्षाबंधन उत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। तीनों आयोजनों में बड़ी संख्या में बहनों ने सहभागिता कर विधायक रामेश्वर शर्मा को राखी बांधी।
यह भी पढ़े -किसी ने 12वीं के साथ किया नीट, किसी ने नीट और जेईई मैन्स दोनों, प्रतिभा देख प्रभावित हुए सीएम डॉ. मोहन
भैंसाखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में संत हिरदाराम नगर एवं श्री हरिहर नगर फंदा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। बहनों ने विधायक शर्मा को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। विधायक ने भी सभी बहनों का आत्मीयता से अभिवादन करते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। हुजूर विधानसभा में प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाला यह उत्सव अब व्यापक जनसहभागिता और बहनों के स्नेह का प्रतीक बन चुका है।
बहनों की स्नेह-शक्ति हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य देती है - विधायक रामेश्वर शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में स्नेह, विश्वास और अपनत्व के भाव को मजबूत करने वाला पर्व है। इस पर्व पर हुजूर विधानसभा की बहनों से हर वर्ष मिलने वाला यह स्नेह मेरे जीवन की अमूल्य थाती है, जो आजीवन स्मरणीय रहेगी। प्रतिवर्ष लाखों बहनों का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में इससे बड़ी पूंजी और कोई नहीं हो सकती।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नारी शक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को नई गति मिली है। नारी शक्ति को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की निर्णायक शक्ति के रूप में स्थापित किया गया है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि - बहनों का यह प्रेम और अपनत्व मुझे जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति देता है। बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना करने और उसे पार करने का सामर्थ्य भी इसी स्नेह-शक्ति से मिलता है। इस प्रेम और विश्वास के लिए मैं अपनी सभी बहनों का आजीवन ऋणी रहूंगा।
श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेने का पर्व जन्माष्टमी
विधायक रामेश्वर शर्मा ने उपस्थित बहनों और क्षेत्रवासियों को आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में संबंधों की मर्यादा और कर्तव्य को सर्वोपरि रखा, उसी प्रकार हमें भी अपने सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। हमें सामाजिक सहभागिता के साथ अपने राष्ट्रधर्म का पालन करना चाहिए। यही जन्माष्टमी की सबसे बड़ी सीख है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने बहनो के साथ ली सेल्फी, सोशल मीडिया पर वायरल
दीनदयाल मंडी में आयोजित रक्षाबंधन उत्सव में विधायक रामेश्वर शर्मा ने उपस्थित हज़ारों बहनों के साथ सेल्फी ली। जो की सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सेल्फी में हजारों बहनों ने हाथों में राखी लेकर अपने भाई को आशीर्वाद देते हुए दिखायी दी।
Created On :   1 Sept 2026 7:06 PM IST













