AI in Education: AI जवाब देगा, लेकिन सही सवाल पूछना विश्वविद्यालय सिखाएंगे, आरएनटीयू में उच्च शिक्षा में AI के भविष्य पर हुआ मंथन

AI जवाब देगा, लेकिन सही सवाल पूछना विश्वविद्यालय सिखाएंगे, आरएनटीयू में उच्च शिक्षा में AI के भविष्य पर हुआ मंथन
उच्च शिक्षा में AI के रणनीतिक इस्तेमाल, नैतिकता, शोध और मूल्यांकन पर विशेषज्ञों ने रखे विचार; स्टार्टअप्स में AI की भूमिका और साइबर सुरक्षा पर भी हुई चर्चा

भोपाल। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU), भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में AIU वेस्ट जोन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। सम्मेलन का विषय “उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का रणनीतिक एकीकरण: अवसर, चुनौतियां और प्रभाव” रहा। इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों ने उच्च शिक्षा में AI के उपयोग, नैतिकता, शोध, मूल्यांकन, संस्थागत संचालन और सामाजिक प्रभावों पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन में उद्घाटन सत्र के साथ तीन तकनीकी सत्र, स्टार्टअप्स पर पैनल चर्चा और साइबर सुरक्षा पर टॉक शो आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आरएनटीयू के चांसलर डॉ. संतोष चौबे, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, एसजीएसयू के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, AIU के रिसर्च डिवीजन के जॉइंट डायरेक्टर डॉ. अमरेंद्र पाणी, मुख्य वक्ता एवं उद्यमी, फ्यूचरिस्ट, लेखक तथा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सेंटर के संस्थापक सृजन पाल सिंह, मध्य प्रदेश शासन के मध्य प्रदेश स्टार्टअप मिशन की एग्जीक्यूटिव हेड डॉ. आभा ऋषि, साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे, आरएनटीयू के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) आर. पी. दुबे, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव गुप्ता, कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी तथा सम्मेलन के संयोजक डॉ. राकेश कुमार, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सेंटर फॉर IoT एंड एडवांस्ड कंप्यूटिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति और विशेषज्ञ शामिल हुए।

उद्घाटन सत्र में AI नीति, मानवीय विवेक और नैतिकता पर जोर

आरएनटीयू के चांसलर डॉ. संतोष चौबे ने अध्यक्षीय संबोधन में विश्वविद्यालय की AI नीति और AI मिशन पर चर्चा की। उन्होंने विश्वविद्यालयों को शोध, नवाचार और उत्पादन के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। अपनी पुस्तक ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि AI का उपयोग निर्णय लेने में सहायता के लिए होना चाहिए, न कि उसे निर्णयों पर हावी होने देना चाहिए। उन्होंने भाषा, विचार, लोकतांत्रिक विमर्श और मानवीय मूल्यों पर AI के प्रभाव से जुड़े नैतिक सवाल उठाते हुए शिक्षा में दर्शन, इतिहास और मानवीय मूल्यों की अहमियत रेखांकित की।

आरएनटीयू की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने डिजिटल बदलाव के दौर में AISECT और आरएनटीयू के विजन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा में तकनीकी नवाचार को अपनाने की आवश्यकता बताई।

AIU के रिसर्च डिवीजन के जॉइंट डायरेक्टर डॉ. अमरेंद्र पाणी ने कहा कि AI अब भविष्य की संभावना नहीं, बल्कि वर्तमान की वास्तविकता बन चुका है। उन्होंने कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में CCTV के माध्यम से पहचान करने जैसे तकनीकी उपयोगों का उदाहरण दिया। उन्होंने ब्लॉकचेन, पांचवीं औद्योगिक क्रांति और मानव-मशीन सहयोग पर चर्चा करते हुए AI के जिम्मेदार उपयोग के लिए मजबूत ढांचे की जरूरत बताई।

मध्य प्रदेश शासन के मध्य प्रदेश स्टार्टअप मिशन की एग्जीक्यूटिव हेड डॉ. आभा ऋषि ने कहा कि भारत को AI का इस्तेमाल करने के साथ-साथ अपने मौलिक समाधान भी विकसित करने होंगे। उन्होंने तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता के प्रति आगाह करते हुए मौलिक विचारों, बाजार की जरूरतों और नवाचार के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने स्टार्टअप्स के लिए सरकारी सहयोग और प्रोटोटाइप सहायता का उल्लेख करते हुए पांच लाख रुपये तक की सहायता का भी जिक्र किया।

CII मध्य प्रदेश स्टेट काउंसिल के चेयरमैन और एसजीएसयू के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों को AI टूल्स का प्रभावी इस्तेमाल सिखाना चाहिए। उन्होंने क्रिटिकल थिंकिंग, बदलती परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढालने और कक्षाओं में AI को शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों तक AI कौशल पहुंचाने की जरूरत भी बताई।

मुख्य वक्ता सृजन पाल सिंह ने विश्वविद्यालयों में स्पष्ट AI नीति बनाने, AI साक्षरता बढ़ाने और शिक्षकों के प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों को AI से प्राप्त जानकारी की सत्यता परखना और तथ्यों का आलोचनात्मक विश्लेषण करना सिखाना चाहिए। उन्होंने कला, विज्ञान और उद्यमिता के एकीकरण को भी भविष्य की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

आरएनटीयू के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) आर. पी. दुबे ने आभार व्यक्त करते हुए प्रभावी शिक्षण, सीखने की प्रक्रिया और शिक्षा में नैतिक बदलावों के महत्व पर प्रकाश डाला।

तकनीकी सत्रों में शिक्षण, शोध और संस्थागत संचालन पर चर्चा

पहला तकनीकी सत्र ‘AI-Enabled Teaching and Learning’ विषय पर आयोजित हुआ। Google की आंचल चोपड़ा ने AI टूल्स, AI एजेंट और समस्या समाधान में उनकी भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षण और परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन जैसे कार्यों में AI के उपयोग की संभावनाओं का उल्लेख किया। एसजीएसयू के कुलगुरु एवं सत्र अध्यक्ष प्रो. डॉ. विजय सिंह ने कहा कि AI को सहायक की भूमिका में रहना चाहिए और उसे हर निर्णय का अंतिम आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।

डॉ. संजय कुमार ने चिकित्सा और कानून जैसे क्षेत्रों में AI के बढ़ते उपयोग पर चर्चा करते हुए उसके परिणामों की विश्वसनीयता से जुड़े पहलुओं को रेखांकित किया। डॉ. रणवीर सिंह ने शिक्षकों की बढ़ती जिम्मेदारियों और AI से प्राप्त परिणामों की जांच करने की जरूरत बताई। AIU के अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पाठक ने शिक्षा में बदलाव, शिक्षकों के प्रशिक्षण और विश्वविद्यालयों में ओपन-सोर्स AI मॉडल के उपयोग की संभावनाओं पर विचार रखे।

दूसरा तकनीकी सत्र ‘AI in Research, Innovation and IPR’ विषय पर आयोजित हुआ। ITDPR, AGU के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) अमिताभ सक्सेना ने ऑनलाइन कक्षाओं के शुरुआती दौर से तुलना करते हुए कहा कि तकनीकी बदलावों के बावजूद शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहती है।

IISER भोपाल के डेटा साइंस विभाग के प्रमुख डॉ. तन्मय बसु ने इमेज क्लासिफिकेशन में कन्वोल्यूशनल न्यूरल नेटवर्क (CNN), AI की व्याख्यात्मकता और स्वदेशी AI समाधानों पर चर्चा की। डेलॉइट के डायरेक्टर अमित नाइक ने महाभारत में अर्जुन और कृष्ण के उदाहरण के माध्यम से AI के दौर में मार्गदर्शन और मेंटरशिप के महत्व को रेखांकित किया।

तीसरे तकनीकी सत्र ‘AI, Assessment and Institutional Governance’ में मूल्यांकन, कैंपस संचालन और संस्थागत स्तर पर AI के एकीकरण पर चर्चा हुई। डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण रामेश जोशी ने उच्च शिक्षा में AI के जरिए संस्थागत एकीकरण और बदलाव की संभावनाओं पर विचार साझा किए।

Eduvantage Pvt. Ltd. के डायरेक्टर डॉ. अभिषेक पंडित ने कहा कि AI के कारण भविष्य में परीक्षाओं और मूल्यांकन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने AI के साथ कोर्स आउटकम (CO) और प्रोग्राम आउटकम (PO) को जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि परिणाम के साथ-साथ उसे हासिल करने की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण है।

MANIT भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग और सेंटर फॉर AI के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राहुल के. चौरसिया ने AI, मशीन लर्निंग, VLSI और कंट्रोल सिस्टम पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल जानकारी देने के बजाय उनकी समस्या सुलझाने की क्षमता विकसित करना जरूरी है। उन्होंने AI से तैयार काम में मौलिक विचार और रचनात्मकता के महत्व को भी रेखांकित किया।

TCS के क्लाइंट पार्टनर एवं चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर प्रशांत राठी ने कैंपस संचालन में AI की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने अलग-अलग समाधानों से आगे बढ़कर एंटरप्राइज AI अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि AI प्रभावी ERP सिस्टम बनाने में मदद कर सकता है और विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक ज्ञान विकसित करना चाहिए।

स्टार्टअप्स के विकास में AI की भूमिका पर पैनल चर्चा

सम्मेलन में ‘AI as a Growth Engine for Start-ups’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसका संचालन AIC-RNTU की इन्क्यूबेशन मैनेजर क्रति जैन ने किया। पैनल में Opsight AI Pvt. Ltd. के संस्थापक एवं CEO पुलक रिजवानी, Remote Physios के CEO डॉ. अनंत सिंह और Bright Hustle के CEO विवेक पांडेय शामिल रहे। चर्चा में स्टार्टअप्स के विकास में AI की भूमिका, नए समाधान विकसित करने और तकनीक को व्यावहारिक व्यवसाय में बदलने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

साइबर सुरक्षा पर टॉक शो

सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित टॉक शो में साइबर विशेषज्ञ अमित दुबे ने AI के दौर में साइबर सुरक्षा, डिजिटल जोखिमों और ऑनलाइन सुरक्षित व्यवहार से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की। इसमें तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ डिजिटल जागरूकता, सुरक्षा और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार के महत्व को रेखांकित किया गया।

सम्मेलन में विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि उच्च शिक्षा में AI का प्रभावी एकीकरण केवल तकनीक अपनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों में मानवीय विवेक, आलोचनात्मक चिंतन, नैतिक जिम्मेदारी, मौलिक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है।

Created On :   12 Oct 2026 7:41 PM IST

Tags

Next Story