MP News: हरदीप पुरी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी को कांग्रेस ने दिया समर्थन, लोहानी ने भरा नामांकन, शपथ पत्र जमा नहीं किया

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र की राज्यसभा की एक सीट पर भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ सोमवार को भोपाल के राजकुमार लोहानी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। लोहानी को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। दरअसल, हरदीप पुरी के नाम का ऐलान होते ही कांग्रेस पुरजोर विरोध कर रही है। भाजपा की तरफ से हरदीप सिंह पुरी को निर्विरोध निर्वाचित माना जा रहा था, लेकिन सोमवार को निर्दलीय के रूप में एक नामांकन दाखिल होने से चुनाव में नया मोड़ आ गया।
लोहानी के नामांकन में कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे प्रस्तावक बनें। लोहानी ने सोवार को विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान विधायक आतिफ अकील, अजय सिंह राहुल, आरिफ मसूद, हनी बघेल, महेश परमार, दिनेश जैन बोस, मधु भगत, हीरालाल अलावा और कुंवर अभिजीत शाह सहित अन्य विधायक मौजूद रहे। गौरतलब है कि विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी संख्या बल नहीं है। इस वजह से कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित नहीं किया था। अब कांग्रेस विधायकों ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर नया राजनीतिक मोड़ दिया है।
दो निर्दलीय, दोनों के निरस्त होने की संभावना
राजकुमार लोहानी ने नामांकन पत्र के साथ अपनी सम्पत्ति एवं दर्ज अपराध दर्शाने वाले निर्धारित शपथ पत्र यानि फार्म 26 को भरकर जमा नहीं किया है। इससे नामांकन पत्र खारिज होने की पूरी संभावना है। गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा से हरदीप सिंह पुरी एवं निर्दलीय तेलांगना के कांते सायन्ना अपना नामांकन-पत्र जमा कर चुके हैं। कांते सायन्ना के नामांकन पत्र में प्रस्तावक विधायकों के नामों का उल्लेख नहीं है, इससे निरस्त होने की स्थिति है। सोमवार को नामांकन-पत्र देने का अंतिम दिन था। मंगलवार को स्क्रूटनी की जायेगी। 5 नवम्बर 2026 को नाम वापसी हो सकेगी। जबकि मतदान 12 नवम्बर को प्रस्तावित है। यदि दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त होने से 5 नवंबर को ही हरदीप पुरी निर्विरोध जीत सकते हैं।
लोहानी ने भी नामांकन निरस्ती की जताई आशंका
नामांकन दाखिल करने के बाद लोहानी ने कहा कि मप्र स्थापना दिवस के अवसर पर एक ओर सरकार प्रदेशवासियों को बधाई दे रही थी, वहीं दूसरी ओर राज्यसभा के लिए ऐसे व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया गया, जिनकी तस्वीर जेफ्री एपस्टीन के साथ सामने आई। उनकी निष्ठा को लेकर सवाल उठे। लोहानी ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को प्रदेश से राज्यसभा भेजने के निर्णय से प्रदेश के मूल निवासियों में नाराजगी है। इसको देखते हुए मैंने चुनाव का निर्णय लिया। मैंने कांग्रेस विधायकों से सहयोग की अपील की।
भोपाल उत्तर के विधायक आतिफ अकील ने मेरा सहयोग किया और उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे से मुलाकात कराई। कटारे ने मेरी बात सुनने के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा की और मुझे कांग्रेस के सभी विधायकों का समर्थन दिलाने का आश्वासन दिया। कांग्रेस के समर्थन से मैं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप नामांकन दाखिल किया। लोहानी ने आशंका जताई कि प्रदेश सरकार उनका नामांकन निरस्त करवाने और उन्हें चुनाव मैदान से हटाने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने पूर्व में मीनाक्षी नटराजन के साथ हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि यदि भाजपा को अपने निर्णय पर भरोसा है तो चुनाव कराकर विधायकों के सामने जनमत का सामना करे।
Created On :  
