MP News: खातेगांव में शराब माफिया ने टीआई को ट्रक से कुचला, मौत, स्पेशल डीजी को जांच के लिए मौके पर भेजा

खातेगांव में शराब माफिया ने टीआई को ट्रक से कुचला, मौत, स्पेशल डीजी को जांच के लिए मौके पर भेजा

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। देवास के खातेगांव में रविवार देर रात को अवैध शराब से भरे ट्रक (एमपी-43 एच-4786) ने थाना प्रभारी, खातेगांव दिलीप पुरी को कुचल दिया गया। इससे दिलीप की मौत हो गई। घटना में आरक्षक सोहन जाट भी घायल हो गए। सहायक आबकारी आयुक्त देवास की प्राथमिक रिपोर्ट में पाया गया कि अवैध शराब परिवहन की सूचना पर वाहन चेकिंग के दौरान दिलीप पुरी को कुचल दिया गया। ट्रक की जांच में गुप्त चैम्बर में छिपाकर रखी गई बैगपाइपर मदिरा का परिवहन किया जा रहा था।

परिवहन की जा रही मदिरा हरदा जिले की कम्पोजिट मदिरा दुकान हरदा रोड, टिमरनी और कम्पोजिट मदिरा दुकान सोडलपुर रोड, टिमरनी को सप्लाय की गई, लेकिन इसकी तस्करी की जा रही थी। दिलीप पुरी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया और सीपीआर और करीब दो घंटे तक उपचार दिया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दिवंगत, दिलीप ने ट्रक ड्राइवर को बाहर आने के लिए कहा था, लेकिन ड्राइवर ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इससे ट्रक का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को जांच के लिए घटना स्थल भेजा। घटना के बाद हरदा में शराब कारोबारी भारतेन्द्र जायसवाल से जुड़ी 3 शराब दुकानों के लाइसेंस रद्द कर दिए। इस प्रकरण में हरदा के टिमरनी वृत्त में पदस्थ सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह वघेल को निलंबित कर दिया।

शासन ने प्रथम दृष्टया बघेल को कर्तव्य में लापरवाही एवं निगरानी में कमजोरी मानी है। वघेल ने अपने क्षेत्राधिकार में निरीक्षण और प्रभावी निगरानी नहीं की। निलंबन अवधि में उन्हें उपायुक्त आबकारी कार्यालय, संभागीय उड़नदस्ता, भोपाल अटैच किया गया। दो आरक्षकों अरुण कुम्बरे और कृष्णपाल सिंह डोडिया को भी निलंबित किया गया है। पुलिस ने हरदा की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल उसकेे सहयोगी विजय राव और कुछ कर्मचारियों को हिरासत में भी लिया है।

मुख्य आरोपी राहुल और सहयोगी हिरासत में

पुलिस ने तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल और सहयोगी विजय राव को हिरासत में ले लिया। अलीराजपुर निवासी ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को देने वाले केरम सिंह चंगोड़ को भी हिरासत में लिया। शराब ठेका बड़वानी निवासी पाटेंद्र जायसवाल के नाम पर है। इसमें राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की 30-30 प्रतिशत और पाटेंद्र की 10 प्रतिशत भागीदारी है। सरगना राहुल है। उसके खिलाफ हरदा में पहले से कई आपराधिक केस दर्ज हैं। वह गुजरात तक शराब तस्करी का नेटवर्क चलाता था। पूरे धंधे की रकम उसी के पास जमा होती थी। बंटवारा राहुल करता था। राहुल तीनों दुकानों से अवैध शराब को अन्य इलाकों में सप्लाई करता है। राहुल से नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही। इंदौर निवासी विजय राव ने अवैध तस्करी नेटवर्क में राहुल के लिए काम करना स्वीकार किया।

पांच जिलों में पुलिस टीमें लगातार दबिश दी हैं। एसपी देवास ने फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन ने बताया कि टिमरनी से अवैध शराब की खेप आयशर वाहन क्रमांक MP 43 H 4786 से गुजरात भेजी जा रही थी। सूचना पर पुलिस की चार टीमों ने जिले में नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान संदलपुर फाटा स्थित नर्मदा ढाबा के सामने आयशर गाड़ी खड़ी मिली। थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ड्राइवर को नीचे उतरने और तलाशी देने को कहा। ड्राइवर ने जान से मारने की नीयत से ट्रक चढ़ा दिया। ड्राइवर ट्रक सहित फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे वाहन सहित पकड़ लिया। थाना खातेगांव में आरोपी चालक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया।

सागर शराब कांड के मुख्य आरोपी की मौत

इधर, सागर के बंडा जहरीली शराब कांड के प्रमुख आरोपी जुझार सिंह लोधी की भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जुझार सिंह बंडा उपजेल में बंद था। जहां अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक तबीयत अचानक खराब होने पर जुझार सिंह को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर में भर्ती कराया गया। जहां हालत ज्यादा बिगड़ने के चलते उसे भोपाल रेफर किया गया। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। जहां उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक अब तक सागर शराब कांड के 3 आरोपियों की अलग-अलग वजह से मौत हो चुकी है।

मुख्यमंंत्री ने कहा, सख्त होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार के साथ राज्य सरकार खड़ी है। घटना की जांच के निर्देश दिए गए। दिवंगत पुरी की पत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घटना की जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को घटनास्थल पर भेजा है।

भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

- भाजपा का आरोप, माफियाओं से कांग्रेस का क्या कनेक्शन

मंत्री विश्वार सारंग ने आरोप लगाया कि अवैध शराब तस्करी में बार-बार कांग्रेस नेताओं के नाम क्यों आ रहे हैं? शराब माफिया की अवैध कमाई से कांग्रेस के खर्च चलने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल की भूमिका सामने आई है। वह खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी बताए जाते हैं। जिस दुकान से इस केस के तार जुड़े उसमें राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल की साझेदारी है।

- कांग्रेस का आरोप बेबस सरकार, जहरीली शराब से मौतों के बाद अब मर्डर

मप्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को आरोप लगाया कि शराब माफिया के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। अवैध शराब का कारोबार, जहरीली शराब से मौतें और अब अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे पुलिस अधिकारी की कुचलकर हत्या, जैसी घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं।

Created On :  

Tags

Next Story