MP News: बैगा आदिवासी आबादी घटी, बच्चों की मौत और लाडली बहना योजना में अपात्र करने पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

बैगा आदिवासी आबादी घटी, बच्चों की मौत और लाडली बहना योजना में अपात्र करने पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। बालाघाट जिले में अति विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा आदिवासी समुदाय के 41 बच्चों की कुपोषण से मौत को लेकर प्रदेश में सियासत चल रही है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर लगातार सरकार पर निशाना साध रही। वहीं बैगा आबादी की घटती जनसंख्या भी चिंता का विषय बनती जा रही। पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने शुक्रवार को बताया कि 2011 की जनगणना में बैगा आबादी 4.15 लाख थी। वर्ष 2019 में 82258 बैगा परिवार थे, जो 2025 में घटकर 72788 रह गए।

छह वर्षों में करीब 9500 परिवार कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक बैगा सहित अति विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए 3410 करोड़ का प्रावधान किया गया। इसके अलावा अन्य विभागों की राशि और केंद्र से प्रतिवर्ष लगभग 100 से 160 करोड़ मिलने के बावजूद कुपोषण समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया कि इतनी बड़ी राशि के बाद भी बैगा बच्चों की मौत क्यों हो रही है और परिवारों क्यों कम हो रहे हैं।

सकलेचा ने कहा कि शासन ने विशेष पिछड़ी जनजाति की करीब 5 लाख महिलाओं को लाड़ली बहना योजना की कंडिका 4.4 की विधि-विरुद्ध और योजना के उद्देश्य के प्रतिकूल बताकर अपात्र कर दिया। कहा गया कि उन्हें आहार अनुदान योजना के तहत वर्तमान में 1500 प्रतिमाह मिल रहे हैं। जबकि प्रशासनिक सुविधा के लिए राशि परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में जाती है।

लाडली बहना की कंडिका 4.4 के तहत 1000 या अधिक की राशि प्राप्त करने वाली महिला को अपात्र माना गया है, लेकिन आहार अनुदान महिला की व्यक्तिगत आय नहीं, बल्कि समुदाय में कुपोषण दूर करने के उद्देश्य से परिवार को दिया जाने वाला अनुदान है। दोनों योजनाओं के उद्देश्य अलग और स्वतंत्र हैं। करोड़ों का बजट खर्च होने के बाद भी बैगा बच्चे कुपोषण से मरें और उनकी माताओं को महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की लाडली बहना योजना से बाहर कर दिया जाना विडंबना है। सकलेचा ने मांग की कि बैगा बच्चों की मौत की उच्चस्तरीय जांच तथा बैगा विकास के लिए किए गए बजट प्रावधान और उसके उपयोग का वित्तीय एवं सामाजिक ऑडिट कराया जाए।

Created On :   19 Sept 2026 11:20 PM IST

Tags

Next Story