Bhopal News: रीवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर NSUI ने कार्रवाई की मांग

रीवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर NSUI ने कार्रवाई की मांग
रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में अव्यवस्थाओं और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ एनएसयूआई ने मोर्चा खोल दिया है। एनएसयूआई का कहना है कि उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल अपने ही क्षेत्र में स्थित कॉलेज को नहीं सुधार पा रहे। पूरे प्रदेश भर के मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में सुधार की कल्पना करना बेमानी होगी। शुक्ल को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में आए दिन लापरवाही के चलते मौत के मामले सामने आ रहे। रीवा संभाग के सबसे बड़े अस्पताल में बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं हो रहीं। अस्पताल में जरूरी जीवन रक्षक दवाएं और सर्जिकल सामान उपलब्ध नहीं है। गरीब और असहाय मरीजों को मजबूरी में महंगी दवाएं बाहर की निजी दुकानों से खरीदनी पड़ रही।

परमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि लाखों रुपये की लागत से लगी एमआरआई , सीटी स्कैन और सोनोग्राफी जैसी जांच सुविधाएं लंबे समय से बंद पड़ी हैं। जिससे मरीजों को निजी सेंटरों में भारी-भरकम राशि चुकानी पड़ रही। ओपीडी और इमरजेंसी सेवाओं में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति न होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को घंटों कतार में खड़े रहना पड़ता है। परमार ने मुख्यमंत्री से रीवा मेडिकल कॉलेज की दुर्दशा पर तत्काल संज्ञान लेने और लापरवाह अधिकारियों पर कड़ा एक्शन लेने की मांग की।

मेडिकल कॉलेज के डीन बदलने से नहीं बदलेंगी व्यवस्थाएं

एनएसयूआई ने कहा रीवा मेडिकल कॉलेज के डीन को सतना और सतना के रीवा में स्थानांतरित करने से प्रशासन,अधिकारी और कर्मचारी में सुधार नहीं होगा। सब भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। मुख्यमंत्री से मांग कि है कि वे इस मामले में सीधे हस्तक्षेप कर ठोस कदम उठाए।

Created On :   7 Sept 2026 10:58 PM IST

Tags

Next Story