- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- भोपाल में 5 दिनों के भीतर 15 से...
Bhopal News: भोपाल में 5 दिनों के भीतर 15 से ज्यादा लोगों पर कुत्तों का हमला, 8 साल के मासूम को नोचा, बैंड और पटाखों के शोर के बीच अधिक खूंखार हुए कुत्ते

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के शाहजहांनाबाद क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते ने घर में घुसकर 8 साल के मासूम इब्राहिम को नोच डाला। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को नोच लिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। बच्चे को बड़े बुरी तरह नोचने की वजह से उसके मुंह का ऑपरेशन करना पड़ा। बताया जा रहा बच्चे को चेहरे पर चार गहरे घाव हुए हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने भोपाल नगर निगम पर आवारा कुत्तों को लेकर की गई बार-बार शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
स्थानीय निवासी के मुताबिक इलाके में 50 से ज्यादा आवारा कुत्तों का झुंड घूमता रहता है। पिछले 5 दिनों में इन कुत्तों ने इब्राहिम समेत 15 से ज्यादा लोगों पर हमला किया है। इन कुत्तों की वजह से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। साथ ही, सुबह की नमाज के लिए मस्जिद जाने वाले लोगों को भी इन कुत्तों के हमले का डर रहता है। इब्राहिम के चाचा फैजान ने बताया कि परिवार बहुत परेशान है, क्योंकि तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने के बावजूद बच्चे के चेहरे के घाव अभी तक ठीक नहीं हुए हैं।
यह भी पढ़े -खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने किया दो मावा फैक्ट्रीयों का निरीक्षण, एक का खाद्य पंजीयन निलंबित
स्थानीय नेता और अधिकारी नहीं लेते सुध
स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार विधायक, वार्ड पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से आवारा कुत्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे। आवारा कुत्तों को पकड़ने का कोई अभियान नहीं चलाया गया। कुत्तों की नसबंदी भी नहीं की गई। वहीं पशु विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहारों के दौरान तेज डीजे और पटाखों के शोर से कुत्ते डर सकते हैं, खासकर उन कुत्तों में इसका असर ज्यादा होता है जिनके बच्चे होते हैं। ऐसे में वे राहगीरों पर हमला कर सकते हैं।
यह भी पढ़े -रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल मर्डर में जांच के लिए SIT गठित, 21 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर
3.5 करोड़ बजट, सिर्फ 3 नसबंदी केंद्र ही चालू
भोपाल में लगभग 1.25 लाख से अधिक आवारा कुत्तों की संख्या है। इनकी नसबंदी के लिए 3.50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ। इसके बाद भी हर दिन 120 से ज़्यादा लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो रहे। शहर के 85 वार्डों के लिए कम से कम 9 एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) केंद्रों की जरूरत है। लेकिन अभी केवल 3 केंद्रों के भरोसे ही नसबंदी की जा रही। भानपुर और कोलार में एबीसी सेंटर बनाए जाने हैं। लेकिन कोलार रोड पर बनने वाले एबीसी सेंटर का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
Created On :   22 Oct 2026 7:54 PM IST













