- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- आरएनटीयू में "समकालीन हिंदी...
RNTU Bhopal: आरएनटीयू में "समकालीन हिंदी पत्रकारिता: परंपरा, परिवर्तन और भविष्य” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का होगा आयोजन, इच्छुक प्रतिभागी प्रस्तुत कर सकेंगे शोध पत्र

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में “समकालीन हिंदी पत्रकारिता: परंपरा, परिवर्तन और भविष्य” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 10 और 11 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। जिसके लिए शोध पत्र आमंत्रित किए गए हैं। पूर्ण शोध-पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
संगोष्ठी का उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता की दो शताब्दियों की गौरवशाली यात्रा, उसके सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान, समकालीन चुनौतियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर गंभीर विमर्श करना है। इस अवसर पर देशभर के शिक्षाविद्, मीडिया विशेषज्ञ, शोधार्थी, पत्रकार एवं विद्यार्थी अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
शोध-पत्र हिंदी (यूनिकोड) और अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत किए जा सकते हैं। शोध-सार (Abstract) की अधिकतम सीमा 250 शब्द तय की गई है। सारांश भेजने की आखिरी तिथि 3 जुलाई 2026, स्वीकृति सूचना 5 जुलाई 2026 और पूर्ण शोध-पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
यह आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव तथा स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के सहयोग से आयोजित होगा।
संगोष्ठी के अंतर्गत हिंदी पत्रकारिता का इतिहास एवं विकास, स्वतंत्रता आंदोलन और हिंदी पत्रकारिता, हिंदी की सरकारी पत्रकारिता, हिंदी की साहित्यिक पत्रकारिता, विज्ञान एवं कृषि पत्रकारिता, डिजिटल पत्रकारिता, सोशल मीडिया और जनसंचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं पत्रकारिता, मीडिया नैतिकता, नए मीडिया तकनीक तथा भारतीय भाषाई पत्रकारिता के भविष्य जैसे विविध विषयों पर शोध-पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
आयोजन समिति ने देशभर के शोधार्थियों, शिक्षकों, मीडिया विशेषज्ञों, पत्रकारों एवं विद्यार्थियों से इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में सहभागिता एवं शोध-पत्र प्रस्तुति हेतु आमंत्रण दिया है। इच्छुक प्रतिभागी अपने शोध-सार एवं शोध-पत्र journalism.rntu@gmail.com पर भेज सकते हैं। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए संगोष्ठी का QR कोड स्कैन कर सकते हैं। इसके अलावा डॉ. योगेश पटेल से मोबाइल नंबर 9893981969 पर और डॉ विशाखा राजुरकर से 8989010312 पर फोन करके संपर्क किया जा सकता है।
Created On :   27 Jun 2026 8:42 PM IST











