- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मोहन यादव सरकार खिलाड़ियों पर...
MP News: मोहन यादव सरकार खिलाड़ियों पर मेहरबान, अब खेल के दम पर मिलेगी पुलिस की वर्दी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब अच्छे प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में सीधी नौकरी पाने का मौका मिलेगा। सरकार ने इसके लिए पुराने नियमों में बदलाव किया है। नए नियम लागू होने के बाद खिलाड़ियों को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं होगी। पुलिस विभाग हर साल खेल कोटे से भर्ती करेगा। इससे खिलाड़ियों को सुरक्षित भविष्य मिलेगा और वे नौकरी के साथ अपने खेल की तैयारी भी जारी रख सकेंगे। सरकार का कहना है कि इससे राज्य में खेलों को बढ़ावा मिलेगा और नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
अब हर साल पुलिस विभाग में खिलाड़ियों को मिलेगी सीधी नौकरी का मौका
सरकार ने फैसला लिया है कि अब पुलिस विभाग हर साल खेल कोटे से भर्ती करेगा। इसके तहत 10 उप निरीक्षक (एसआई) और 50 आरक्षक (कॉन्स्टेबल) के पदों पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति की जाएगी। इससे खिलाड़ियों को नौकरी के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
नौकरी मिलने के बाद भी खेल की तैयारी बिना रुकावट जारी रख सकेंगे खिलाड़ी
इस फैसले से खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के साथ आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी। वे नौकरी करते हुए अपने खेल का अभ्यास जारी रख सकेंगे और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की तैयारी भी आसानी से कर पाएंगे।
नए नियमों में कई बड़ी छूट, लिखित परीक्षा और पीईटी से भी राहत
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ऊंचाई जैसे कुछ शारीरिक नियमों में छूट मिलेगी। उन्हें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) भी नहीं देनी होगी। चयन उनके खेल प्रदर्शन और तय मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
जानिए किन खिलाड़ियों को मिलेगा सीधे उप निरीक्षक बनने का मौका
ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में खेलने वाले खिलाड़ी इस पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। इन प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले और हिस्सा लेने वाले दोनों खिलाड़ी पात्र होंगे।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी बन सकेंगे कॉन्स्टेबल
राष्ट्रीय खेलों और मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी कॉन्स्टेबल पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। जो खिलाड़ी एसआई पद के लिए योग्य होंगे, वे कॉन्स्टेबल पद के लिए भी पात्र माने जाएंगे।
Created On :   27 Jun 2026 5:05 PM IST












