- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- आरएनटीयू में 'सेफ क्लिक हैकाथॉन...
Safe Click Hackathon 2.0: आरएनटीयू में 'सेफ क्लिक हैकाथॉन 2.0' का आयोजन, साइबर सुरक्षा के नवाचारों पर 28 टीमों ने दिखाई प्रतिभा

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) ने रायसेन पुलिस और एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन के सहयोग से 'सेफ क्लिक पहल' के तहत सेफ क्लिक हैकाथॉन 2.0 का सफल आयोजन किया। साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए नवाचार आधारित तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस हैकाथॉन में भोपाल और इंदौर के 12 कॉलेजों और स्कूलों की 28 टीमों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीक-आधारित अभिनव मॉडल और विचार प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग मैनेजमेंट एंड रिसर्च की टीम 'लिनक्स 2.0' ने पहला स्थान प्राप्त करते हुए 5 हजार रुपये का इनाम जीता। वहीं मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम 'साइबर सेवर्स' ने दूसरा स्थान हासिल कर 3 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। जबकि एआईसेक्ट समूह के स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय की टीम 'ऑब्सिडियन' ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए 2 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।
कार्यक्रम में रायसेन के पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, एसडीओपी रायसेन शीला सुराना, एमपी स्टार्टअप सेंटर की एग्जीक्यूटिव हेड डॉ. आभा ऋषि, एमपी स्टार्टअप सेंटर के मार्केटिंग हेड अरुणाभ दुबे, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति प्रो. संजीव गुप्ता, विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव (प्रशासन) समीर चौधरी और एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रोनाल्ड फर्नांडिस विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर किया गया एक क्लिक गंभीर साइबर अपराध का कारण बन सकता है। अतिथियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए प्रभावी और नवाचारी समाधान विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने "क्लिक करने से पहले सोचें" का संदेश भी व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नवाचार, तकनीकी दक्षता और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए लगातार प्रोत्साहित करता है। ऐसे आयोजन युवाओं को व्यावहारिक समाधान विकसित करने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
आपको बता दें कि सेफ क्लिक हैकाथॉन 2.0 शिक्षा जगत, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच एक प्रभावी सहयोगात्मक मंच उपलब्ध कराता है। यह आयोजन युवाओं में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता की दिशा में काम करता है।
Created On :   22 July 2026 6:44 PM IST












