MP News: भोपाल में 12 से श्रीरामलीला, 5 देशों के कलाकार आएंगे, बताएंगे श्रीरामकथा के प्रसंग

भोपाल में 12 से श्रीरामलीला, 5 देशों के कलाकार आएंगे, बताएंगे श्रीरामकथा के प्रसंग

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास, संस्कृति विभाग और संगीत नाटक अकादमी भोपाल में 12 अक्टूबर से भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों में श्रीराम जन्म से लेकर राज्याभिषेक के प्रसंगों को श्रीरामलीला उत्सव के जरिए बताया जाएगा। यह उत्सव में 18 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें 5 देशों के विद्वान, विशेषज्ञ, शोधकर्ता, संग्रहकर्ता, नृत्य कलाकार, चित्रकार, स्टोरी टेलर, कठपुतली कलाकार एवं गायक शामिल होंगे।

उत्सव के जरिए श्रीराम के जीवन के विविध प्रसंगों जैसे जन्म, बाल लीलाओं, वनगमन, सीता हरण, हनुमान भक्ति, लंका विजय और अयोध्या वापसी को अभिनय, संवाद, संगीत, गायन व वेशभूषा के माध्यम से मंचन किया जाएगा। संस्कति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बुधवार को बताया कि भोपाल के अलावा उत्सव 11 से 13 अक्टूबर तक श्रीराम राजा मंदिर परिसर, ओरछा और 13 से 19 अक्टूबर तक राघव प्रयाग घाट, चित्रकूट में भी होगा।

श्रीरामलीला उत्सव में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर और भारतीय सांस्कति संबंध परिषद्, नई दिल्ली का भी सहयोग मिलेगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। संचालक, संस्कृति एवं सीईओ, श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास एनपी नामदेव ने बताया कि नवदुर्गा उत्सव के दौरान श्रीरामलीला उत्सव के माध्यम से भारतीय परंपराओं, संस्कृति और जीवन-मूल्यों का लोकव्यापीकरण किया जाएगा।

ओरछा में तीन दिन उत्सव

श्रीराम राजा मंदिर परिसर में तीन दिवसीय ‘श्रीरामलीला उत्‍सव’ होगा। इसमें श्रीरामकथा के विविध प्रसंगों की प्रस्तुतियां होगी। इसमें आदर्श लीला मंडली, खजुरीताल, मैहर के कलाकार प्रस्तुति देंगे। पहले दिन श्रीराम जन्म, मुनि आगमन, ताड़का वध, मारीच-सुबाहु वध एवं अहल्या उद्धार जैसे प्रसंग होंगे। दूसरे दिन धनुष यज्ञ, श्रीराम वनवास, केवट संवाद तथा सीता हरण प्रसंग और तीसरे दिन शबरी की सेवा, बालि वध, लंका दहन, रावण-कुंभकर्ण वध एवं श्रीराम राज्याभिषेक की लीला प्रस्तुत होगी।

चित्रकूट में 7 दिन में विविध प्रसंग

मंत्री लोधी ने बताया कि चित्रकूट में 13 से 19 अक्टूबर तक राघव प्रयाग घाट में श्रीरामलीला उत्सव होगा। इसमें विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति, उज्जैन के कलाकार विविध प्रसंग पेश करेंगे। शुभारंभ श्रीराम जन्म एवं बाल लीला प्रसंग से होगा। इसमें श्रीराम जन्म, विश्वामित्र का आगमन, ताड़का वध और अहल्या उद्धार जैसे प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। सात दिन तक कई प्रसंग पेश किए जाएंगे।

Created On :   9 Oct 2026 12:23 AM IST

Tags

Next Story