MP News: विधायक लोधी के खिलाफ पुलिस अधिकारियों को धमकाने का दर्ज हो केस- पटवारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ पुलिस अधिकारियों को धमकाने और अभद्र भाषा के प्रयोग पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव न डाला जाए और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई करने की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा सड़क हादसे में विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र ने निर्दोष लोगों को थार वाहन से कुचल दिया। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। उससे भी अधिक चिंताजनक और शर्मनाक तथ्य यह है कि जब कानून ने अपना काम करना शुरू किया, तो स्वयं विधायक पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को खुलेआम धमकाने और उनकी औकात बताने पर उतर आए।
विधायक ने कहा मेरा बेटा करेरा आएगा, चुनाव भी लड़ेगा, तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना, अपना इतिहास देख लेना, अपनी औकात में रहो जैसी बातें की। भाजपा नेताओं में कानून का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है। यह केवल एक व्यक्ति का अहंकार नहीं, बल्कि पूरे शासन तंत्र की विफलता और संरक्षण का परिणाम है। पटवारी ने सवाल करते हुए कहा कि क्या मध्य प्रदेश में सरकार चल रही है या सर्कस? क्या भाजपा विधायक और उनके परिजन कानून से ऊपर हैं? यदि अधिकारी भ्रष्ट हैं, जैसा कि विधायक दावा कर रहे हैं, तो फिर आपकी सरकार ने अब तक क्या कार्रवाई की? उन्होंने कहा कि जब तक मामला शांत रहता है, तब तक सत्ता पक्ष चुप रहता है, लेकिन जैसे ही कानून का शिकंजा कसता है, भाजपा के नेता अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर प्रशासन पर दबाव बनाने लगते हैं।
यह लोकतंत्र और संविधान दोनों का खुला अपमान है ये कोई पहली बार नहीं बीजेपी के नेता लगातार सत्ता के नशे में इस प्रकार के कार्य करते आ रहे हैं। सत्ता के नशे में चूर नेता आम जनता को कुचलते भी हैं और फिर कानून को धमकाते भी हैं। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से भाजपा को सत्ता सौंपने वाली प्रदेश की जनता आज अपने ही राज्य में असुरक्षित महसूस कर रही है। यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरा का उदाहरण है, जहां सत्ता का घमंड जनता की सुरक्षा पर भारी पड़ रहा है।
Created On :   21 April 2026 11:09 PM IST












