- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- नरवाई की आग ने दो जिलों में मचाई...
Satna News: नरवाई की आग ने दो जिलों में मचाई भारी तबाही

डिजिटल डेस्क,सतना। बुधवार को सतना और मैहर के बीच खेत-खलिहान और मकान में आग लगने की दर्जनों घटनाएं सामने आईं, जिनमें एक किसान की जान चली गई, तो वहीं 10 से ज्यादा गृहस्थियां तबाह हो गईं, तो कुछ किसानों की फसल भी राख के ढेर में बदल गई। इन घटनाओं ने आग बुझाने के लिए जरूरी संसाधनों की कमी को भी उजागर कर दिया है।
केस-1
जैतवारा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नगर परिषद क्षेत्र के बाहरी इलाके में दोपहर तकरीबन 2 बजे अज्ञात कारणों से खेत की नरवाई में आग लग गई जो हवा के साथ तेजी से बड़े इलाके में फैल गई। इसी आग की लपटों में संतटोला-जैतवारा निवासी मुन्नीलाल उर्फ बृजकुमार पुत्र स्वर्गीय जगदीश त्रिपाठी 55 वर्ष, की अहरी भी घिर गई, तब वह गहरी नींद में सो रहे थे, मगर तपिश महसूस होते ही नींद से जागकर अहरी के अंदर रखा सामान बाहर निकालने में जुट गए, मगर तभी कमरे की म्यार पर लगी लकड़ी टूटकर मुन्नीलाल त्रिपाठी के ऊपर गिर गई, जिससे वह नीचे दब गए और बाहर नहीं निकल पाए, गंभीर रूप से झुलसने पर वहीं उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंचा राजस्व अमला
हल्ला-गुहार होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ बचाव के प्रयास शुरू करते हुए आग पर काबू पाया, तब अधेड़ की लाश हाथ लगी। पुलिस ने शव को कोठी अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराते हुए आग की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर डीडीए आशीष पांडेय और नायब तहसीलदार राजेन्द्र माझी समेत राजस्व अमले ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देश पर मौका-मुआयना करते हुए आर्थिक सहायता की कार्यवाई शुरू कर दी है।
केस-2
नरवाई में लगी आग ने कोटर थाना क्षेत्र के रजरवार और माधवपुर गांव में भी जमकर तबाही मचाई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर को ही हार्वेस्टर से कटे खेतों में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जो तेज हवा के साथ रजरवार से लेकर माधवपुर तक फैल गई। इस आग में रजरवार निवासी रामलला सिंह के खलिहान में रखी गेहूं की फसल नष्ट हो गई, तो राजेन्द्र सिंह का मकान भी जल गया।
आग की लपटें पड़ोसी माधवपुर गांव तक पहुंच गईं, जहां गोस्वामी मोहल्ले के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणजनों ने अपने स्तर पर मिट्टी, रेत और पानी का छिडक़ाव कर किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन सूचना देने के बाद भी दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सतना-सेमरिया मार्ग जाम कर दिया। अंतत: प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया गया।
केस-3
नागौद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में भी आग ने भारी तबाही मचाई। खेत की नरवाई से शुरू हुई आग आबादी क्षेत्र में फैल गई, जिसमें मेवालाल यादव का घर पूरी तरह जल गया। एक कमरे में बंधे 9 गाय और बछड़े झुलसकर मारे गए, तो दूसरे कमरे में रखा भूसा खाक हो गया। वहीं दीपक यादव की 8 बकरियां, एक सैकड़ा से ज्यादा प्लास्टिक के पाइप और गहाई के बाद घर में रखा कई क्विंटल गेहूं, चना व सरसों नष्ट हो गया।
नुकसान इसलिए भी बढ़ गया कि दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, ऐसे में मजबूरन पीडि़तों को अपने ही प्रयासों से आग बुझाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। इसी थाना क्षेत्र के मढ़ी गांव में भी नरवाई की आग ने लखन लाल दाहिया और उनके परिवार से छत छीन ली। भीषण लपटों में न सिर्फ गृहस्थी तबाह हो गई, बल्कि अंदर रखी नकदी, कपड़े और मोटरसाइकिल भी बर्बाद हो गई।
केस-4
मैहर जिले में भी आग से भीषण तबाही मची। पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी मनटोलवा में सामने आई, जहां खेतों की नरवाई से लगी आग मड़ई, धनवाही और उमरी-फिफरी तक पहुंच गई थी। इस भीषण आग पर काबू पाने के लिए दमकल टीम और पुलिस को ग्रामीणों के साथ मिलकर दो घंटे तक जद्दोजहद करनी पड़ी।
यदि जरा सी भी देरी हो जाती तो आबादी क्षेत्र में तबाही मच जाती। दूसरी घटना मैहर नगर से लगे कब्रस्तान में घटित हुई, जहां दोपहर के समय झाडिय़ों में अज्ञात वजह से आग भड़क गई, जिस पर दमकल टीम और स्थानीय लोगों ने समय रहते काबू पा लिया।
केस-5
मैहर जिले में तीसरी घटना अमरपाटन क्षेत्र के ओबरा में घटित हुई, जहां खेतों की नरवाई से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दो किलोमीटर तक फैल गई। इस आग की चपेट में आने से किसान गोरेलाल पटेल का घर जल गया, उन्हें इतना भी मौका नहीं मिला कि कपड़े, गहने और दैनिक जरूरत का सामान निकाल पाते। पीड़ित के घर में रखा अनाज, फर्नीचर और ज्वेलरी भी आग की भेंट चढ़ गई।
Created On :   23 April 2026 1:29 PM IST












