- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- चंदन चोर गिरोह का सरगना यूपी के...
Satna News: चंदन चोर गिरोह का सरगना यूपी के कन्नौज से गिरफ्तार, 3 वारदातों का खुलासा

डिजिटल डेस्क,सतना। दो सप्ताह के भीतर दो थाना क्षेत्रों में 3 जगह चंदन के पेड़ काटकर कीमती लकड़ी गायब करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना को नागौद पुलिस ने यूपी के कन्नौज से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, तो वहीं उसके साथियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।
टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि 11 अप्रैल की रात को कचनार निवासी आदित्य सिंह परिहार की बगिया में लगे चंदन के 4 पेड़ काटकर अज्ञात लोगों ने लकड़ी पार कर दी, तो 15 अप्रैल की रात को खैरा निवासी लालमन बागरी की अहरी से भी चंदन के 4 पेड़ काटकर लकड़ी चोरी करने की वारदात सामने आई। इससे पहले 1 अप्रैल की रात को उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया निवासी डॉ. नीलेश पांडेय की बगिया से चोरों ने चंदन के 8 छोटे-बड़े पेड़ काट लिए थे।
और तब पकड़ में आया शातिर आरोपी
एक के बाद एक वारदात सामने आने पर उचेहरा और नागौद की पुलिस सरगर्मी से बदमाशों की तलाश में जुट गईं। पुराने रिकार्ड खंगाले गए, तो मुखबिरों और साइबर सेल का भी सहयोग लिया गया, जिनकी मदद से मिले सुराग पर गिरिराज सिंह पुत्र गुलाब सिंह 57 वर्ष, निवासी शेखपुरा, जिला कन्नौज-यूपी, को उसके गांव से हिरासत में लेते हुए थाने लाकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने नूर आलम के साथ मिलकर तीनों जगह वारदात करने का जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 75 हजार कीमत की लकड़ी भी जब्त की गई है। आरोपी पूर्व में कोठी थाना क्षेत्र में भी चंदन चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है, जिसमें वह गिरफ्तार भी हुआ था।
Created On :   22 April 2026 1:32 PM IST












