Satna News: बैंक कॉलोनी में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, नीले ड्रम में मिली थी 11 वर्षीय बालक की लाश

बैंक कॉलोनी में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, नीले ड्रम में मिली थी 11 वर्षीय बालक की लाश
महिला मित्र से मेल-जोल में आड़े आ रहा था उसका बेटा, तो गला रेतकर उतार दिया मौत के घाट

डिजिटल डेस्क,सतना। कोलगवां पुलिस ने बैंक कॉलोनी में 11 वर्षीय बालक की हत्या का चौबीस घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। टीआई सुदीप सोनी ने बताया कि शिवराज उर्फ बादल पुत्र रमेश रजक, निवासी नयागांव-जैतवारा, हाल बैंक कॉलोनी, का गला लोहे की हसिया से गला रेतने के बाद लाश को नीले ड्रम में छिपा दिया गया था।

परिजनों की सूचना पर जांच-पड़ताल के दौरान शव बरामद किया गया, तो वहीं उनके बयान के आधार पर कॉलोनी में ही कपड़ा प्रेस करने की दुकान चलाने वाले मथुरा प्रसाद पुत्र अगनुआ रजक 50 वर्ष, निवासी कंधवार, जिला सीधी, हाल झुग्गी बस्ती-बस स्टैंड, को प्रमुख संदेह के तौर पर चिन्हित कर तलाश शुरू की गई, मगर वह अपनी दुकान और घर पर नहीं मिला, तो फोन पर भी संपर्क नहीं हुआ, लिहाजा पुश्तैनी घर समेत रिश्तेदारियों में खोजबीन के लिए टीम भेजी गई और कुछ घंटों के भीतर ही अमिलिया-कोल्हुआडीह स्थित ससुराल से पकड़ लिया गया। आरोपी को सतना लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।

मां से बातचीत पर बालक को था ऐतराज

आरोपी मथुरा रजक ने बताया कि एक ही मोहल्ले में घर और दुकान होने के चलते शिवराज की मां आशा रजक से उसकी जान-पहचान हो गई और बातचीत होने लगी। वह अकसर उनके घर भी आने लगा, लेकिन यह बात महिला के बच्चों को पसंद नहीं थी। मृतक शिवराज और उसकी बड़ी बहन सेजल इस बात पर ऐतराज करने के साथ नासिक में रहकर काम कर रहे पिता से भी शिकायत कर देते थे, इस वजह से महिला के पति रमेश से उसका विवाद भी हुआ था।

पहले दबाया गला, फिर हसिया से रेत दिया

सोमवार की सुबह तकरीबन 11 बजे वह आशा के घर पहुंचा, जहां शिवराज अकेले मिल गया, जिस पर उसने मां से मिलने-जुलने की शिकायत पिता से नहीं करने के लिए कहा, तो बालक नाराज होकर घर से दूर रहने की हिदायत देने लगा।

इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पहले बालक का गला दबा दिया और फिर हसिया से गला रेतकर लाश को ड्रम में छिपाने के बाद बाहर से दरवाजे पर ताला लगाकर भाग गया। आरोपी की निशानदेही पर चाबी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए आरोपी मथुरा का इरादा मृतक की बड़ी बहन सेजल को भी मार डालने का था, पर किस्मत से वह घर पर मौजूद नहीं थी, वरना उसकी जान को भी खतरा हो सकता था।

Created On :   22 April 2026 1:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story