- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- घोरकाट और बैरहना के साथ रेलकर्मी के...
Satna News: घोरकाट और बैरहना के साथ रेलकर्मी के फ्लैट में सामने आई घटना

डिजिटल डेस्क,सतना। आग लगने की तीन घटनाओं में 8 परिवारों की गृहस्थी, फसल और कीमती सामान खाक हो गया तो एक घटना में गाय का बछड़ा भी जिंदा जल गया। पीडि़तों ने संबंधित थानों में शिकायत करने के साथ राजस्व अमले को नुकसान से अवगत करा दिया है।
केस-1
कोटर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को घोरकाट गांव में ट्रांसफार्मर में हुए शार्ट-सर्किट से निकली चिंगारी रामसजन दाहिया की झोपड़ी में जा गिरी, जिससे देखते ही देखते आग भडक़ गई और कुछ समय ही पूरी झोपड़ी आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रामसजन को घर का सामान और खूंटे पर बंधे बछड़े को खोलने तक का मौका नहीं मिला। हल्ला-गुहार होने पर ग्रामीणों ने बाल्टी-डिब्बों से पानी डालकर आग पर काबू पाया, पर तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
केस-2
सभापुर पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर को ही बैरहना गांव से लगी बस्ती में अज्ञात कारणों से आग भडक़ गई, जिसने तेज हवा के साथ एक के बाद एक 6 घरों को चपेट में ले लिया। इस घटना से जहां ग्रामीण सकते में आ गए, तो वहीं सूचना मिलने के बाद भी नगर परिषद का दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, ऐसे में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए, मगर जब तक लपटों पर काबू पाया गया, तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार डॉ. शैलेन्द्र बिहारी शर्मा के मुताबिक इस घटना में कल्लू कोल, राजेश कोल, राजकुमार कोल, जेठू कोल, रोहित कोल और लल्लू कोल की गृहस्थी पूरी तरह नष्ट हो गई। सभी पीडि़त एक ही परिवार से संबद्ध रखते हैं, जिनके नुकसान का आंकलन कर सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
केस-3
आगजनी की तीसरी घटना शहर के रेलवे कॉलोनी में मंगलवार शाम को तकरीबन 5 बजे सामने आई, जहां लोकोपायलट विपिन सिंह के एफ-1 ब्लाक स्थित फ्लैट नंबर 189 में अचानक आग लग गई। इस दौरान विपिन दूसरे कमरे में सो रहे थे। धुंआ फैलने पर जब उनकी नींद खुली तो भागकर बाहर निकले और आरपीएफ-जीआरपी को सूचित करने के साथ फायर ब्रिगेड से संपर्क किया, जिस पर दमकल वाहन कुछ देर में मौके पर पहुंच गया, जिसकी मदद से आग बुझा ली गई, लेकिन तब तक कमरे में रखा फर्नीचर और बाकी सामान नष्ट हो चुका था। गनीमत रही कि आग किचन तक नहीं पहुंची वरना भारी नुकसान हो सकता था।
Created On :   22 April 2026 4:48 PM IST












