Satna News: अपहरण और दुष्कर्म की 3 वारदातों में वांटेड 3 आरोपी बंदी

अपहरण और दुष्कर्म की 3 वारदातों में वांटेड 3 आरोपी बंदी
पुलिस ने कोर्ट में पेश कर भेजा सलाखों के पीछे

डिजिटल डेस्क,सतना। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अपहरण के बाद रेप और शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने के तीन मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इससे पहले तीनों का मेडिकल चेकअप कराते हुए डीएनए जांच के लिए ब्लड सेंपल भी सुरक्षित किए गए।

केस-1

नागौद टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि बीते 30 मार्च को एक नाबालिग रहस्यमय ढंग से लापता हो गई, जिसके परिजन की रिपोर्ट पर अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। तीन सप्ताह तक चली खोजबीन के बाद साइबर सेल से मिले सुराग पर एक टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजकर नाबालिग को खोज निकालने के साथ अपहरण के आरोपी पवन पुत्र दिनेश ढीमर 22 वर्ष, निवासी अटरा, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

बुधवार को वापस आने पर कोर्ट में नाबालिग के बयान कराए गए, जिसमें उसने आरोपी के द्वारा बहला-फुसलाकर घर से भगा ले जाने और दैहिक शोषण करने का खुलासा किया, लिहाजा रेप और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।

केस-2

दो बच्चों की मां को बहला-फुसलाकर दैहिक शोषण करने के आरोप पर नागौद पुलिस ने सूरज पुत्र छोटेलाल पटेल 36 वर्ष, निवासी टेकुआ, थाना चोरहटा, जिला रीवा, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 4 साल पहले पति की बीमारी से मौत हो जाने के बाद महिला अपने दो बच्चों के साथ जीवनयापन कर रही थी।

इसी बीच एक रिश्तेदार सूरज पटेल मदद के बहाने घर आने-जाने लगा और फिर बातों में फंसाकर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बना लिए। आरोपी उसके घर पर ही रहने लगा था, लेकिन चार साल तक महिला का दैहिक शोषण करने के बाद भी विवाह नहीं किया और बात छेड़ने पर पीड़िता को धमकाने लगा। ऐसे में महिला ने बीते दिन थाने में शिकायत की, जिस पर कायमी कर आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया।

केस-3

कोलगवां टीआई सुदीप सोनी के मुताबिक 8 दिसंबर 2025 को एक युवती ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि पूर्व से परिचित और रिश्ते में आने वाले सतेन्द्र सिंह पुत्र रामदशरथ सिंह पटेल 32 वर्ष, निवासी करहीकला, थाना उचेहरा, ने शादी का भरोसा दिलाकर लंबे समय तक दैहिक शोषण किया, मगर जब उसने रिश्ते को नाम देने की बात कही तो आरोपी वादे से मुकर गया।

इतना ही नहीं पीडि़ता को जान से मारने की धमकी भी देने लगा, ऐसे में उसने परिजनों को अवगत कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन एफआईआर दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी सतेन्द्र फरार हो गया। अंतत: साढ़े चार माह की खोजबीन के बाद मुखबिर की सूचना पर एक शादी समारोह में आए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Created On :   23 April 2026 1:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story