आयोजन: ताड़ोबा उत्सव, 10 देशों की मिस वर्ल्ड प्रतियोगी देंगी सेव द टाइगर्स का संदेश, रवीना टंडन भी आएंगी

ताड़ोबा उत्सव, 10 देशों की मिस वर्ल्ड प्रतियोगी देंगी सेव द टाइगर्स का संदेश, रवीना टंडन भी आएंगी
  • 1 से 3 मार्च तक तीन दिवसीय ताड़ोबा उत्सव
  • वन्यजीव संरक्षण की चुनौतियों पर चर्चा के लिए सेमिनार
  • राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं, फोटो प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व ने वन्यजीव संरक्षण, शाश्वत पर्यटन और स्थानीय विरासत को बढ़ावा देने के लिए 1 से 3 मार्च तक तीन दिवसीय ताड़ोबा उत्सव का आयोजन किया है। जहां दुनिया के करीब 10 देशों की मिस वर्ल्ड स्पर्धक ताड़ोबा महोत्सव में भंेट देकर बाघ बचाव का संदेश देगी। ज्ञात हो कि, महाराष्ट्र के वन तथा सांस्कृतिक और मत्स्य पालन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने सोमवार को मुंबई में ताड़ोबा महोत्सव-2024 की घोषणा की थी। दरम्यान ताड़ोबा के वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक डा.जितेंद्र रामगांवकर ने मंगलवार देर शाम पत्र-परिषद में चंद्रपुर में इस महोत्सव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

महोत्सव 1 से 3 मार्च तक चंद्रपुर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रमुख कार्यक्रम चांदा क्लब ग्राऊंड पर होगा। उद्घाटन समारोह में वन्यजीव सद्भावना राजदूत और फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन विशेष अतिथि होंगी। तीन दिवसीय उत्सव में वन्यजीव संरक्षण पर सेमिनार, विभिन्न स्थानीय से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं, फोटो प्रदर्शनी, कवि सम्मेलनऔर विश्व प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे कार्यक्रमों की एक श्रृंखला शामिल होगी। ऐसा भी डा.रामगांवकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा। ताड़ोबा महोत्सव-2024 के दौरान वन विभाग विश्व वन्यजीव दिवस मना रहा है। इसके अनुरूप, वन्यजीव संरक्षण की चुनौतियों पर चर्चा के लिए सेमिनार और संगोष्ठियों का आयोजन किया गया है और जन जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। ताड़ोबा महोत्सव के दौरान ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। ताड़ोबा राष्ट्रीय उद्यान की स्थापना 1955 में हुई थी। वर्तमान में चंद्रपुर जिले में दो सौ से अधिक बाघ हैं।

ताड़ोबा महोत्सव के आयोजन के पीछे ताड़ोबा की इस सफलता का जश्न मनाना भी एक मुख्य उद्देश्य है। डा.रामगांवकर ने बताया कि, आयोजन के पहले दिन विभिन्न सत्र और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। दूसरे दिन फोटोग्राफी कार्यशाला, संरक्षण दौड़, सेमिनार, वन भवन और ताडोबा भवन का भूमिपूजन, विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास, साथ ही कुमार विश्वास का कवि सम्मेलन और रिकी केज का संगीत कार्यक्रम होगा। तीसरे दिन, ट्रेजर हंट, साइक्लोथॉन, ड्राइंग प्रतियोगिता, सीएसआर सम्मेलन, क्विज़ आदि जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और शाम को समापन सत्र में विभिन्न पुरस्कारों का वितरण और अनुभवी अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा गंगा बैले नृत्य प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि, समारोह में वनभूषण पुरस्कार भी वितरित होगा।


Created On :   28 Feb 2024 9:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story