Chandrapur News: दिल्ली के डॉक्टर ने किया सरेंडर, जमानत पर फैसला टला

दिल्ली के डॉक्टर ने किया सरेंडर, जमानत पर फैसला टला
किडनी खरीदी-बिक्री रैकेट की खुलने लगी परत

Chandrapur News जिले की नागभीड़ तहसील के मिंथुर गांव के युवा किसान रोशन कुले की किडनी बिक्री के बाद उजागर हुए बहुचर्चित किडनी खरीदी-बिक्री रैकेट मामले में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल दिल्ली के डॉक्टर रवींद्रपाल सिंह ने बुधवार को ब्रह्मपुरी न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

अदालत ने उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गुरुवार को आरोपी डॉक्टर की ओर से दायर जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को तलब किया। एसआईटी के एक अधिकारी ने अदालत में उपस्थित होकर जांच की प्रगति और विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी तथा आरोपी की पुलिस रिमांड की मांग की। न्यायालय ने पुलिस का पक्ष सुना, लेकिन गुरुवार को इस पर कोई निर्णय नहीं दिया।

उल्लेखनीय है कि किडनी खरीदी-बिक्री रैकेट मामले में आरोपी डॉक्टर रवींद्रपाल सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थानीय अदालत से लेकर उच्च न्यायालय तक जमानत के लिए प्रयास किए थे, लेकिन उनकी याचिकाएं खारिज हो गई थीं। इसके बाद से वे फरार बताए जा रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। अंततः बुधवार को उन्होंने अपने वकील के साथ ब्रह्मपुरी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। दूसरी ओर, मामले का एक अन्य प्रमुख आरोपी तमिलनाडु के डॉक्टर राजरत्नम गोविंदस्वामी अब भी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। एसआईटी को उम्मीद है कि यदि दिल्ली के डॉक्टर की पुलिस रिमांड मंजूर होती है तो किडनी खरीदी-बिक्री रैकेट से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं और मामले में अन्य आरोपियों तथा नेटवर्क की भूमिका का भी खुलासा हो सकता है।


Created On :   26 Jun 2026 3:50 PM IST

Tags

Next Story